
ग्वालियर. हमारी जिंदगी में सदैव ये लड़ाई चलती रहती है कि ज्ञान और धन के बीच धन जरूरी है या ज्ञान। आप सदैव याद रखिए और अपने विद्यार्थियों को भी बताइए कि ज्ञान सबसे अधिक जरूरी है क्योंकि धन की रक्षा आपको करनी होती है लेकिन ज्ञान आपकी रक्षा करता है। यदि आपके पास ज्ञान होगा तो सबकुछ संभव है। वर्तमान में कैपिटल कमोडिटी बन चुकी है, जबकि 40-50 वर्ष पूर्व पूंजी गति अवरोधक होती थी, आज ज्ञान गति अवरोधक है। इसलिए मनुष्य का जीवन ज्ञान की प्राप्ति के लक्ष्य की पूर्ति के लिए होना चाहिए। यह बात ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्रीय संचार मंत्री, पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री, भारत सरकार ने कही, वे शनिवार को पत्रिका और एमिटी यूनिवर्सिटी ग्वालियर के शिक्षक सम्मान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की आसंदी से बोल रहे थे।
पत्रिका के शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज भारत हर तरह से अग्रसर है। इस समय गुरुओं की भूमिका और अधिक बढ़ गई है। अब आपको एक-एक बच्चे में वो गुण ढूंढना होंगे। गुरु के ज्ञान के आधार पर ही नवरत्न निकालकर और उसे निखारने की जिम्मेदारी उनकी है। गणित में एलसीएम यानी लीस्ट कॉमन मल्टीपल और एचसीएफ यानी हाइएस्ट कॉमन फैक्टर, इसमें शिक्षक को हर बच्चे में एचसीएफ तलाशना चाहिए। सिंधिया ने शिक्षकों से भी आग्रह किया कि आपको भी अपने नॉलेज बेस को पूर्ण रिन्यू करने की जरूरत है। आपके करिकुलम पुराने ढर्रे पर न हों। जैसे बच्चों की जिंदगी में कुछ नया होता है ठीक उसी तरह से आपकी जिंदगी में भी सदैव नई लर्निंग होना चाहिए। ये स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी है। इसके लिए हर स्कूल में लर्निंग ऑर्गेनाइजेशन होना ही चाहिए।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि एमिटी यूनिवर्सिटी ग्वालियर के लेफ्टिनेंट जनरल वीके शर्मा प्रो चांसलर थे। डबरा बायपास पर बने इंपीरियल गोल्फ रिसोर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में पत्रिका के जोनल हेड अजय समर, यूनिट हेड मुकेश अग्रवाल, मार्केटिंग हेड शशि चांदिल, रीजनल हेड कपिल उपाध्याय आदि उपस्थित थे। पत्रिका के स्थानीय संपादक नितिन त्रिपाठी ने कार्यक्रम में स्वागत भाषण दिया। इस मौके पर शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन और पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, डॉ.आरएस तोमर वाइस चांसलर एमिटी यूनिवर्सिटी, स्वप्निल अग्रवाल डायरेक्टर मार्केटिंग एमिटी यूनिवर्सिटी भी मौजूद रहे। संचालन नीलम भटनागर ने किया। कार्यक्रम में राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की कथक नृत्य की विभागाध्यक्ष डॉ अंजना झा के नेतृत्व में छात्राओं मोहिनी चौरसिया, आम्रपाली, लावण्या और शिवानी ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।
Updated on:
5 Oct 2024, 10:20 PM IST
Published on:
5 Oct 2024, 10:19 PM IST
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.