बारिश से दिन का तापमान घटेगा, रात का बढ़ेगा, बारिश के ठंड की दस्तक
ग्वालियर. जम्मू कश्मीर में आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण शहर का तापमान अगले 48 घंटे में बदल जाएगा। 15 से 17 अक्टूबर के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार है। बारिश के कारण रात के तापमान में उछाल आएगा, लेकिन दिन का घटेगा। पश्चिमी विक्षोभ के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। इस बार का जो पश्चिमी विक्षोभ है, उत्तर पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है।
जम्मू कश्मीर से एक पश्चिमी विक्षोभ गुजर चुका है। यह पश्चिमी विक्षोभ काफी कमजोर है। इसके असर से हल्के बादल छा सके, लेकिन इसके गुजरने के बाद हवा के रुख में बदलाव आया। इससे न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आने पर रात में ठंडक रही। रात में जो गर्मी हो रही थी, उससे राहत रही। अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस कारण दिन में गर्मी रही। धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया।
अरब सागर से आएगी नमी
जम्मू कश्मीर में आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण अरब सागर से नमी का आना शुरू हो जाएगा। यह पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव काफी दूर तक है। कश्मीर में बर्फबारी व बारिश करेगा। जबकि पश्चिम उत्तर भारत में बारिश। कहीं-कहीं तेज हवा भी चल सकती है।
- मानसून विदाई के बाद पहली पश्चिमी की पहली बारिश है।
बारिश के दो प्रभाव
फायदा- अच्छी बारिश होती है तो रबी की फसल का पलेवा हो जाएगा। इससे किसान को सरसों व चना के लिए पलेवा की जरूरत नहीं पड़ेगी। बांधों से पलेवा के लिए छोड़ा जाने वाला पानी की भी बचत होगी।
नुकसान- डबरा, भितरवार क्षेत्र में धान की फसल पकना शुरू हो गई है। यदि अब बारिश होती है तो धान की फसल लेट सकती है। जमीन में लेटने की वजह से धाना का दाना खराब हो सकता है। दाना काला पडऩे पर भाव में गिरावट आ सकती है।