
Hamirpur Crime: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बारात के स्वागत की तैयारियां कर रहे परिवार में अचानक कोहराम मच गया। परिजनों ने आनन-फानन में दुल्हन को अस्पताल में भर्ती कराया। इसका कारण दूल्हे को बताया जा रहा है। लड़के की हरकत पर लड़की के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की लिखित जानकारी दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दूसरी ओर अस्पताल में दुल्हन की हालत स्थिर बताई जा रही है। दूल्हे की हरकत पर दुल्हन के खौफनाक कदम उठाने से पूरे गांव में कोहराम मचा है।
दरअसल, हमीरपुर जिले की मौहदा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बीते दिनों बारात आनी थी। लड़की वालों ने बारात स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली थीं। इसी दौरान लड़के वालों की ओर आई एक फोन कॉल से खुशियों से भरा पूरा माहौल मातम में बदल गया। कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि लड़की वालों ने तहरीर में बताया कि उन्होंने दान-दहेज का सारा सामान लड़के वालों के घर भेज दिया था। अब सिर्फ शादी की रस्में बची थीं। उसके लिए लड़की वालों ने बारात स्वागत की पूरी तैयारी कर ली थी। खाने-पीने का पूरा इंतजाम हो गया थी। इसी बीच दूल्हे ने फोन पर पांच लाख रुपये और एक बाइक की मांग रख दी। लड़की के माता-पिता का आरोप है कि दूल्हे ने कहा कि मांग पूरी होने पर ही वह बारात लेकर आएगा। इसके बाद लड़की के परिजन रोने चिल्लाने लगे। इसकी सूचना दुल्हन को मिली तो वह भी परेशान हो गई।
हमीरपुर जिले के मौहदा कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि बारात आने से पहले दूल्हे की शर्त सुनकर लड़की के माता-पिता समेत रिश्तेदार भी परेशान हो उठे। इसी बीच दुल्हन ने अपने कमरे में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसकी जानकारी पर लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने के चलते उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल कानपुर में दुल्हन की हालत स्थिर बनी हुई है। इंस्पेक्टर सुरेश कुमार का कहना है कि लड़की वालों ने लड़के वालों के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
Updated on:
13 Nov 2023 08:16 pm
Published on:
13 Nov 2023 08:15 pm
बड़ी खबरें
View Allहमीरपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
