
सुमेरपुर थाना क्षेत्र में 21 अप्रैल को हाईवे किनारे मिले महिला के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
Sumerpur Highway Murder Case: 21 अप्रैल की शाम सुमेरपुर थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे एक महिला का शव मिला था। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआती जांच में ही यह साफ हो गया था कि महिला की हत्या की गई है। पुलिस ने शिनाख्त के लिए काफी प्रयास किए, जिसके बाद कानपुर नगर निवासी एक व्यक्ति ने मृतका की पहचान अपनी पत्नी के रूप में की। पहचान होने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी।
जांच के लिए तीन विशेष टीमें लगाई गईं। पुलिस ने घटना के समय हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की जांच शुरू की। टोल टैक्स और आसपास के होटलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इस दौरान एक संदिग्ध ट्रक पुलिस के रडार पर आया। जब ट्रक को ट्रेस कर उसके चालक महेंद्र पाल को हिरासत में लिया गया और सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी चालक महेंद्र पाल महिला को पहले से जानता था और घटना वाले दिन महिला उसके साथ ट्रक में ही सफर कर रही थी। पुलिस ने बताया कि सुमेरपुर के पास एक ढाबे पर दोनों ने साथ में खाना खाया। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोपी चालक शराब के नशे में धुत था और बहस बढ़ने पर वह आपा खो बैठा। उसने ट्रक के अंदर ही महिला के दुपट्टे से उसका गला तब तक घोंटा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को हाईवे किनारे फेंका और ट्रक लेकर फरार हो गया।
वारदात में प्रयुक्त ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए हमीरपुर सदर अस्पताल लाया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
25 Apr 2026 06:57 pm
Published on:
25 Apr 2026 06:56 pm
बड़ी खबरें
View Allहमीरपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
