हनुमानगढ़ जिले की भादरा तहसील में 48 एमएम वर्षा से कृषक वर्ग में खुशी, फसलों को जीवनदान
-भादरा के अलावा अन्य तहसीलों में लोग करते रहे बारिश का इंतजार
भादरा. सावन का महीना बीतने को है। इस दौरान भादो शुरू होने से कुछ दिन पहले ही भादरा में मेघों ने राग मल्हार गाया। इससे फसलों को जीवनदान मिला है। आमजन को गर्मी से राहत मिली है। भादरा के अलावा जिले में अन्य तहसीलों में लोग बारिश के लिए तरसते रहे। लेकिन मेघों ने मेहरबानी नहीं दिखाई। इससे कुछ जगह फसलें झुलसने की कगार पर पहुंच गई है। वहीं भादरा तहसील क्षेत्र में रविवार को दोपहर बाद कई दिनों की प्रतीक्षा के बाद अच्छी वर्षा होने से मौसम भी तुलनात्मक रूप से ठंडा हो गया। कृषक वर्ग में इस बरसात को लेकर खुशी है। भादरा क्षेत्र में लम्बे समय से वर्षा नहीं होने के कारण ग्वार, नरमा, मूंग, मोठ, बाजरी की फसले खराब हो रही थी। तेज गर्मी के कारण ग्वार सफेद होता जा रहा था। रविवार को हुई अच्छी वर्षा से फसलों को नया जीवन मिला है। किसान वर्ग में इस वर्षा को वरदान समझा जा रहा है। नहरों में पानी नहीं होने के कारण किसानों में निराशा छाई हुई थी। इस वर्षा ने पीडि़त किसानों को राहत दी है। क्षेत्र में अनेक गांव अभी भी वर्षा से वंचित हैं। क्षेत्र में वर्षा के कारण भादरा क्षेत्र की गलियों व मुख्य बाजार में भी पानी जमा होने के कारण आवागमन बाधित रहा। रविवार होने व वर्षा के कारण दुकानदार भी दुकानों में पानी भरने के डर से दुकाने बंद कर घरों को लौट आए।