26 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आईजीएनपी में चार में दो समूह के रेग्यूलेशन को हरी झंडी, इस नहरी परियोजना से प्रदेश के बारह जिलों को होती है जलापूर्ति

हनुमानगढ़. इंदिरागांधी नहर में 21 अगस्त 2025 से चार में दो समूह में पानी चलाया जाएगा। इस रेग्यूलेशन को लागू करने के संबंध में जल संसाधन मंत्री ने हरी झंडी दे दी है।

2 min read
Google source verification
जल संसाधन मंत्री से चर्चा करते विधायक व अन्य। ..

जल संसाधन मंत्री से चर्चा करते विधायक व अन्य। ..

-खरीफ फसलों को मिल सकेगा सिंचाई के लिए पूरा पानी
हनुमानगढ़. इंदिरागांधी नहर में 21 अगस्त 2025 से चार में दो समूह में पानी चलाया जाएगा। इस रेग्यूलेशन को लागू करने के संबंध में जल संसाधन मंत्री ने हरी झंडी दे दी है। उक्त परियोजना की नहरों को चार में दो समूह में चलाने से प्रदेश के किसानों को खरीफ फसलों की सिंचाई के लिए पहले से अधिक नहरी पानी मिल सकेगा। वर्तमान में तीन में एक समूह में नहरें चल रही है। इससे किसानों को साढ़े 25 दिन बाद सिंचाई बारी मिल रही है। अब चार में दो समूह का रेग्यूलेशन जारी होने पर 17 दिन बाद किसानों को सिंचाई पानी मिलने लगेगा। इस समय अधिकतम तापमान बढऩे की वजह से फसलों में सिंचाई पानी की मांग बढ़ गई है। किसान संगठनों के अलावा खाजूवाला विधायक विश्वनाथ मेघवाल, भाजपा नेता शयाम पंसारिया, श्रीचंद बिश्नोई, किसान प्रतिनिधि संतोषानंद महाराज आदि ने जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत से मिलकर इंदिरागांधी नहर में चार में दो समूह में नहरे चलाने की मांग की थी। इसके बाद जल संसाधन मंत्री रावत ने किसान हित में निर्णय लेते हुए तत्काल जल संसाधन विभाग उत्तर संभाग हनुमानगढ़ के मुख्य अभियंता प्रदीप रुस्तगी से चर्चा की। इसके बाद 19 अगस्त 2025 को मुख्य अभियंता कार्यालय की ओर से इंदिरागांधी नहर को चार में दो समूह में चलाने को लेकर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी गई। प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि व्यर्थ बहकर पाकिस्तान जाने वाले पानी एवं पंजाब में नदियों के तटबंधों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए राज्य सरकार की ओर से पंजाब सरकार से बातचीत कर इंदिरागांधी नहर परियोजना के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। अभी चार में दो समूह का एक रोटेशन चलाने की बात अधिकारी कह रहे हैं। लेकिन बांधों में आवक की स्थिति लगातार इसी तरह जारी रहने पर उक्त रेग्यूलेशन की अवधि बढ़ाई भी जा सकेगी। इंदिरागांधी नहर से हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू, झुंझुुंनू, बीकानेर, नागौर, जोधपुर, जैसलमेर सहित प्रदेश के 12 जिलों को जलापूर्ति हो रही है। उक्त रेग्यूलेशन के प्रभावी होने पर किसानों को मांग के अनुसार नहरी पानी मिल सकेगा।

बांधों से 75000 क्यूसेक कर रहे निकासी
इंदिरागांधी नहर परियोजना की नहरों को 28 मई 2025 से तीन में एक समूह में चलाया जा रहा है। लेकिन जुलाई-अगस्त में बांधों में अच्छी आवक होने की वजह से नहरों में तय रेग्यूलेशन से कुछ अधिक पानी चलाया जा रहा है। वर्तमान में बांधों की सुरक्षा को देखते हुए बीबीएमबी की ओर से प्रतिदिन करीब 75000 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। आने वाले दिनों में वर्षा की संभावना को देखते हुए निकासी की मात्रा और बढ़ाई जा सकती है। बांधों व नहरी तंत्र की सुरक्षा को देखते हुए हरिके हैड का लेवल भी 690.90 फीट से घटाकर 688.30 फीट कर दिया गया है।

पत्रिका ने पहले जता दी थी संभावना
18 अगस्त 2025 को राजस्थान पत्रिका ने ‘इंदिरागांधी नहर में तलाश रहे चार में दो समूह की संभावना ’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इस समाचार के माध्यम से उक्त रेग्यूलेशन के जारी होने की संभावना जता दी थी। अब विभाग स्तर पर इसकी अधिकाधिक घोषणा की गई है।

बड़ी खबरें

View All

हनुमानगढ़

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग