हनुमानगढ़ में लोगों की टीकाकरण में रुचि कम, इसलिए श्रीगंगानगर से आधी ही मिली वैक्सीन
- जिले में वैक्सीनेशन अपेक्षानुरूप नहीं, खपत ज्यादा होने पर ही अधिक मिलती है वैक्सीन
- यदि 200 से अधिक वैक्सीन लगाने वाले हो तो चिकित्सा विभाग को सूचना दो
- कोविड संक्रमण से निपटने में जुटा जिला प्रशासन, चिकित्सा विभाग एवं अन्य कोरोना योद्धा
हनुमानगढ़. जिले में अब तक अपेक्षानुरूप टीकाकरण नहीं हो सका है। लोग टीकाकरण कराने में लापरवाही बरत रहे हैं। बढ़ते कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत सबको वैक्सीनेशन कराना चाहिए ताकि शरीर में हर्ड इम्यूनिटी बन सके। इस बार जिले को 19200 वैक्सीन ही मिली है। जबकि पड़ोसी जिले श्रीगंगानगर जो वैक्सीनेशन में हमसे आगे है, उनको इस बार 36900 वैक्सीन डोज मिली है।
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि निदेशालय उसी जिले को अधिक वैक्सीन देता है, जहां उसकी खपत ज्यादा हो। इसलिए जरूरी है कि जिले के लोग अधिकाधिक वैक्सीनेशन जल्दी कराए ताकि अगली बार अधिक संख्या में वैक्सीनेशन मिल सके। जिले को रविवार दोपहर तक कोरोना वैक्सीन मिल पाएगी। जिले से एक वाहन सुबह पुलिस जाब्ते के साथ बीकानेर जाएगा। उन्होंने बताया कि बढ़ते संक्रमण के दृष्टिगत खण्ड स्तर पर ऑक्सीजन सिलेण्डर खरीदकर रखे जाने के चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। जिला प्रशासन व अन्य विभागों के साथ मिलकर चिकित्सा विभाग कोरोना संक्रमण से निपटने में लगा हुआ है। फ्रंटलाइन कोरोना योद्धा सर्वे, जागरुकता, उपचार, टीकाकरण आदि कार्यों में निरंतर जुटे हुए हैं। कोविड प्रभारी डॉ. रविशंकर शर्मा ने बताया कि चिकित्सा अधिकारियों को आदेशित किया है कि कोविड सैम्पलिंग में किसी तरह की लापरवाही ना बरती जाए। अव्यवस्थित सैम्पलिंग से रिपोर्ट आने में देरी होती है। इससे कई तरह की परेशानी खड़ी हो जाती हैं।