
प्रदेश के पांच जिला अस्पतालों में पौने दो करोड़ की लागत से लगेंगे ऑक्सीजन प्लांट
प्रदेश के पांच जिला अस्पतालों में पौने दो करोड़ की लागत से लगेंगे ऑक्सीजन प्लांट
दिल्ली की कंपनी को तीन फरवरी तक लगाना होगा प्लांट
हनुमानगढ़. प्रदेश के पांच जिला अस्पतालों में पौने दो करोड़ की लागत से ऑक्सीजन प्लांट लगेंगे। यह कार्य दिल्ली की यूएनआईएसएसआई इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है। कंपनी को प्रदेश के पांचो अस्पताल में चार दिसबंर को कार्य शुरू करना होगा और तीन फरवरी तक पूरा करना होगा। इसमें जिला अस्पताल हनुमानगढ़, जवाहर अस्पताल जैसलमेर, जिला अस्पताल जालौर, जिला अस्पताल प्रतापगढ़ व जिला अस्पताल सिरोही में ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट लगाया जाना है। इनमें से एक आक्सीजन प्लांट की लागत 34,95,500 रुपए आएगी। ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट की तीन वर्ष की वारंटी होगी। दरअसल विश्व में कोविड में बढ़ती आक्सीजन खपत के कारण राजस्थान सरकार जिला अस्पतालों में आक्सीजन जनरेट सिस्टम लगा रही है। इनमें से प्रदेश के कई जिला अस्पतालों में ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट लगाए जा चुके हैं। इसके तहत जिला अस्पताल में भी इस पूरे सिस्टम पर
करीब 94 लाख की लागत आएगी। इसके लिए जिला अस्पताल के पुराने भवन में एमजीपीएस यानि की मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम पर करीब 60 लाख रुपए खर्च किए जा चुके हैं। ऑक्सीजन प्लांट से सभी बैड तक ऑक्सीजन सप्लाई के लिए पाइपलाइन व प्वाइंट लगाए गए हैं। इससे अब रोगियों को ऑक्सीजन देने के लिए कर्मचारियों को सिलेंडर उठाने की जरूरत नहीं पड़ती। ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट लगाने के लिए जिला अस्पताल के डी वार्ड के पीछे तीन लाख की लागत से मिनीफॉल रूम भी तैयार है। इसी के अंदर 34 लाख की लागत से ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट लगाया जाना प्रस्तावित है। प्लांट की क्षमता प्रतिदिन 40 सिलेंडर ऑक्सीजन तैयार करने की होगी। जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. एमपी शर्मा ने बताया कि इस प्लांट में एयर को स्टोर किया जाएगा। इसमें नमी, धूल आदि को फिल्टर कर केवल 96 प्रतिशत ऑक्सीजन स्टोर होगी और पाइपलाइन के जरिए वार्डों में सप्लाई होगी।
2021 में शुरू होगा
कंपनी को तीन फरवरी में इस प्लांट को शुरू करना होगा। ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट के शुरू होने से जिला अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी नहीं खलेगी। वर्तमान में कोविड वार्ड में प्रतिदिन 15 से 20 सिलेंडर ऑक्सीजन की खपत हो रही है। भविष्य में इस तरह की महामारी फिर से आती है तो राज्य सरकारों को कंपनी से ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लैक में नहीं खरीदने पड़ेंगे।
यह पहले से है व्यवस्था
जिला अस्पताल की एमसीएच यूनिट में ऑक्सीजन की सप्लाई इस प्लांट से नहीं होगी। इसके लिए यूनिट में ही अलग से एक कक्ष है। जहां से सिलेंडर व इंटरनल पाइप के जरिए ऑक्सीजन की सप्लाई होती है। जिला अस्पताल ने इसके संचालन के लिए कंपनी से एक साल का करार कर रखा है।
हो चुकी है निविदा
जिला अस्पताल में ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट लगाने की निविदा राज्य स्तर पर हो चुकी है। कंपनी को तीन फरवरी तक प्लांट लगाना होगा। प्लांट लगने से आउटसोर्स के जरिए ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी।
डॉ. एमपी शर्मा, पीएमओ, जिला अस्पताल
*
Published on:
28 Nov 2020 08:47 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
