6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पिस्तौल दिखाकर बैंक में लाखों की डकैती, नुकेरां के आरएमजीबी शाखा में वारदात

https://www.patrika.com/hanumangarh-news/ हनुमानगढ़. जिले के उपखण्ड संगरिया के गांव नुकेरा के वार्ड छह स्थित राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक में पिस्तौल की नोक पर कार सवार तीन नकाबपोश बदमाश दिन-दहाड़े सात लाख 83 हजार 40 रुपए लूट कर ले गए। लुटेरे कार में संगरिया से नकदी लेकर बैंक पहुंचे प्रबंधक व बैंककर्मी का पीछा करते आए थे।

4 min read
Google source verification
पिस्तौल दिखाकर बैंक में लाखों की डकैती, नुकेरां के आरएमजीबी शाखा में वारदात

पिस्तौल दिखाकर बैंक में लाखों की डकैती, नुकेरां के आरएमजीबी शाखा में वारदात

पिस्तौल दिखाकर बैंक में लाखों की डकैती, नुकेरां के आरएमजीबी शाखा में वारदात
- आरएमजीबी ग्रामीण बैंक में हुई वारदात
- कार में सवार होकर आए थे तीन लुटेरे सीसीटीवी में कैद, पुलिस लगी पीछे पर नहीं सुराग
हनुमानगढ़. जिले के उपखण्ड संगरिया के गांव नुकेरा के वार्ड छह स्थित राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक में पिस्तौल की नोक पर कार सवार तीन नकाबपोश बदमाश दिन-दहाड़े सात लाख 83 हजार 40 रुपए लूट कर ले गए। लुटेरे कार में संगरिया से नकदी लेकर बैंक पहुंचे प्रबंधक व बैंककर्मी का पीछा करते आए थे। शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे महज पैंतीस सैकेंड में वारदात के बाद पीटीपी नहर किशनपुरा उत्तराधा मार्ग होते हुए पंजाब की ओर भाग गए। सूचना के बाद पुलिस टीमें उनके पीछे लग गई। लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा। हालांकि बैंक सीसीटीवी में लूट कैद हो गई। डीएसपी दिनेश राजौरा, थाना प्रभारी इंद्रकुमार, एसआई सुरेंद्र कुमार व अन्य पुलिस अधिकारियों समेत हनुमानगढ़ से पहुंचे बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अयूब खान, वरिष्ठ प्रबंधक रतनसिंह ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए जांच में जुटे हैं। लूट के बाद गांव में सनसनी फैल गई। बैंक के आगे ग्रामीण जमा हो गई।
पिस्तौल दिखाई और लूट ले गए नकदी
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार बैंक प्रबंधक भंवराराम कार से सुबह 11.30 बजे ऑफिस ब्वॉय शक्तिसिंह के साथ संगरिया बैंक शाखा गए थे। वहां से पंद्रह लाख रुपए नकदी बैग में डालकर डेढ़ बजे बैंक शाखा में पहुंचे। रोज की तरह काम चल रहा था। नकदी का इंतजार कर रहे ग्राहकों को भुगतान करने के बाद बाकी रकम कैश काउंटर पर थी। दस मिनट बाद रिवॉल्वर लेकर बैंक में घुसे नकाबपोश दो युवकों ने रिवॉल्वर तानते हुए नकदी मांगी। उस वक्त ग्राहक ओमप्रकाश, कैशियर गुरप्रीत सिंह, बैंक मित्र नुकेरा निवासी राजविंद्रकौर भी थे। बदमाशों में एक जना कैश काउंटर की तरफ गया, दूसरा गेट पर गन ताने खड़ा रहा। इससे पहले की वे लोग कुछ करते या शोर सुन ग्रामीण बैंक में पहुंचते, उन्होंने कैश काउंटर पर बैठे कैशियर गुरप्रीतसिंह के पास जाकर पिस्तौल तानते हुए जान से मारने की धमकी देकर अपने साथ लाए नकदी मांगी। उसने कुछ रकम दी तो वे धमकाने लगे। जान बचाने के लिए गल्ले में रखी पूरी नकदी उन्हें देनी पड़ी। लुटेरे बैग में पूरी नकदी लेकर भाग निकले। शक्तिसिंह ने बताया कि लूट के तुरंत बाद सायरन बजाया। बैंक मैनेजर उसके साथ बाहर निकले। पुलिस को सूचित कर कार में पांच किमी. तक बदमाशों की कार का पीछा भी किया। लेकिन हनुमान मंदिर इंद्रगढ़ समीप वे नहर पटरी होते हुए उनकी आंखों से ओझल हो गए। [पसं.]
बदमाश संगरिया से कर रहे थे पीछा
जानकारी अनुसार तीनों बदमाश संगरिया से ही बैंक मैनेजर व बैंककर्मी की कार का पीछा कर रहे थे। जैसे ही नकदी भरा बैग लेकर वे बैंक में घुसे, बिना देरी पीछे से आकर उन्होंने वारदात कर डाली। यदि कुछ रकम का भुगतान नहीं हुआ होता तो पंद्रह लाख की लूट हो जाती। वे बिना नंबर सफेद रंग की एक स्विफ्ट डिजायर कार में आए थे। चालक कार में बैठा रहा जबकि दो 25-26 साल उम्र के नकाबपोश युवक उतरकर बैंक में घुसे। नकाबपोश पंजाबी बोल रहे थे। लुटेरों की गतिविधि बैंक के सीसीटीवी कैमरा फुटेज में कैद हो गई। जिसके आधार पर पुलिस बदमाशों की धरपकड़ में पुलिस टीमें जुटी हैं। आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रहे हैं। [पसं.]
पहले हुई लूट से नहीं लिया सबक, बैंक में नहीं गार्ड
इसी तरह की लूट पूर्व में इसी बैंक की शाखा चक प्रतापनगर में लंच टाईम में हो चुकी। बदमाशों को ये मालूम है कि लंच टाईम में भीड़ नहीं होती। सभी आराम के मूड में होते हैं। इसीलिए वे इसी समय का चुनाव वारदात के लिए करते हैं। इस बार लंच से कुछ क्षण पहले लूट हुई। उस वक्त कार में सवार चार पंजाबी भाषी नकाबपोश युवक थे। कयास लगाया जा रहा है कि बैंक की शाखाओं में उसी तरीके से लूट करने में हो सकता है, वही लुटेरे युवक रहे हों। बावजूद इसके बैंक प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया। बैंक में गार्ड या सुरक्षाकर्मी तक तैनात नहीं है ना सुरक्षा की माकूल व्यवस्था। यदि गार्ड होता तो शायद उसकी सूझबूझ से वारदात टल जाती। [पसं.]
पहले भी हो चुकी लूट की घटनाएं
31 अगस्त 2019 : दिन-दहाड़े दोपहर 1.55 पर पुरानी धान मंडी संगरिया में कार से बैग में रखे 14.40 लाख रुपए की लूट। पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष हनुमान गोयल फर्म की थी। इसी दिन जहां वारदात हुई उसी दुकान के सीसीटीवी में फुटेज व पूरी वारदात कैद होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। एक टीम मध्यप्रदेश गई पर सुराग नहीं लगा।
25 जुलाई 2019 : कार सवार चार जनों ने गांव चक प्रतापनगर वार्ड आठ स्थित राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक में पिस्तौल दिखाकर दिन-दहाड़े एक लाख साठ हजार रुपए लूट लिए। महज तीन मिनट में दोपहर डेढ़ बजे इन नकाबपोश युवकों ने घटना को वारदात को अंजाम दिया और भाग गए। पुलिस पीछे लगी पर सुराग नहीं लग सका। सीसीटीवी में वारदात दर्ज हो गई।
14 जुलाई 2019 : वार्ड 21 हनुमानगढ़ टाउन निवासी गोपालचंद (54) स्कूटी पर होटल से घर जा रहा था। मानकसर के पास पीछे से सफेद रंग की कार में सवारों ने उसे रोका। आंखों में मिर्ची फेंक मारपीट कर 9-10 हजार रुपए नकदी, बैग व दो मोबाईल आदि छीनकर फरार हो गए। इसमें बीकानेर पुलिस की गिरफ्त में आए चार जनों को प्राडॅक्शन वारंट पर बापर्दा गिरफ्तार किया।
11 जून 2019 : फाइनेंसकर्मी 22 एमडी घड़साना (श्रीगंगानगर) निवासी सुनील बाइक पर अबूबशहर व घुमियारा से 1 लाख 59 हजार 401 रुपए की राशि जमा कर ढाबां होते हए संगरिया आ रहा था। ढाबां से दो किलोमीटर पीछे कार में सवार लोगों ने बाइक को टक्कर मारी और डंडे का वार करके बैग छीन भाग गए। पुलिस ने गांव लखुआना (हरियाणा) निवासी रविन्द्र उर्फ रवि व फत्ताकेरा (पंजाब) के गुरदित्ता सिंह को प्राडॅक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
3 नवंबर 2018 : संगरिया में दोपहर 12.30 बजे पिस्तौल की नोक पर मोहनलाल जैन की सालीवाला रोड स्थित कॉटन फैक्ट्री के मुनीम 19 लाख रुपए लूट लिए। बैंक में रकम जमा करवाने बाइक पर आ रहे मुनीम अनिल अरोड़ा को बाइक सवार तीन युवकों ने रोका। पिस्तौल तानकर बैग छीना और फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में दर्ज घटना के बाद पुलिस ने मोबाइल डाटा व कॉल्स खंगाली, पर सुराग नहीं लगा।
7 मई 2018 : चक प्रतापनगर वार्ड आठ स्थित राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक शाखा में दिन-दहाड़े लूट का प्रयास हुआ। शाखा प्रबंधक व पड़ौसी दर्जी की सतर्कता से वारदात टल गई। लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा। [पसं.]