7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मोबाइल फोन पर बात करते हुए लुटेरा घुसा था बैंक में, रूट चार्ट तैयार करने में जुटी पुलिस

हनुमानगढ़. टाउन बस स्टैंड स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा से सोना व नकदी लूटने वाले तीन जने थे। दो बैंक के भीतर घुसे तथा तीसरे ने बाहर नजर रखी। पुलिस जांच में इसकी पुष्टि हो गई है।

3 min read
Google source verification
मोबाइल फोन पर बात करते हुए लुटेरा घुसा था बैंक में, रूट चार्ट तैयार करने में जुटी पुलिस

मोबाइल फोन पर बात करते हुए लुटेरा घुसा था बैंक में, रूट चार्ट तैयार करने में जुटी पुलिस

मोबाइल फोन पर बात करते हुए लुटेरा घुसा था बैंक में, रूट चार्ट तैयार करने में जुटी पुलिस
- मणप्पुरम गोल्ड लोन हनुमानगढ़ टाउन शाखा से सोना-नकदी लूटने का मामला
हनुमानगढ़. टाउन बस स्टैंड स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा से सोना व नकदी लूटने वाले तीन जने थे। दो बैंक के भीतर घुसे तथा तीसरे ने बाहर नजर रखी। पुलिस जांच में इसकी पुष्टि हो गई है। वारदात के दिन ही आसपास के लोगों ने पुलिस को यह जानकारी उपलब्ध करवा दी थी। बैंक शाखा कर्मियों के अनुसार वारदात को अंजाम देने आए दोनों लुटेरों में से एक जना हेडफोन पर किसी से बात कर रहा था। वह बात करते समय यह पूछ रहा था कि कोई दिक्कत तो नहीं। ऐसे में पुलिस का मानना है कि जिस समय दोनों लुटेरे ऊपरी मंजिल स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में पहुंचे उस समय उनका तीसरा साथी नजर रखे हुए था। हालांकि लूट की वारदात को अंजाम देने वालों की अभी भी पहचान नहीं हो सकी है। घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर लुटेरों के भागने की दिशा का रूट चार्ट बनाने में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस की कई टीम लुटेरों की तलाश में गुरुवार को भी छापेमारी करती रही। कई बिन्दुओं के आधार पर पुलिस को मामला संदिग्ध भी लग रहा है।
बैंक कर्मी संजयसिंह शेखावत पुत्र शायर सिंह शेखावत निवासी जालपाली, श्रीमाधोपुर सीकर हाल जंक्शन ने सेफ की ऊपरी दराज में रखे जीपीएस ट्रेकर सिस्टम लगे सोने के पैकेट की बजाए नीचे की दराज में रखे बिना जीपीएस ट्रेकर सिस्टम के सोने के 290 पैकेट निकालकर लुटेरों को दिए। घटना के तुरंत बाद सायरन का बटन दबाने के बावजूद आसपास के लोगों को सायरन की आवाज ना सुनना संदेह पैदा कर रहा है। हालांकि बैंककर्मी संजय सिंह ने बिना जीपीएस ट्रेकर लगे सोने के पैकेट देने का पुलिस को कारण बताया है कि उसने हड़बड़ाहट व घबराहट के चलते ऐसा किया। बताया जा रहा है कि सेफ की ऊपर वाली दराज में जीपीएस सिस्टम भी था। जीपीएस ट्रेकर इसलिए सेफ में रखा गया था ताकि कभी चोरी या लूट आदि होने पर ट्रेक किया जा सके। जीपीएस ट्रेकर भी उस आकार के पाउच में रखा गया था जिन पाउच में सोना रखा हुआ था ताकि किसी को शक भी न हो। इस संबंध में ब्रांच मैनेजर भावना पुत्री मूलचन्द मेघवाल निवासी वार्ड 13, रायसिंहनगर, श्रीगंगानगर ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया। उसने पुलिस को बताया कि अज्ञात लुटेरे सेफ से 6 किलो 136.87 ग्राम वजनी सोने के 290 पैकेट व 1 लाख 7951 रुपए लूटकर ले गए। लूटे गए सोने की कीमत करीब पौने तीन करोड़ रुपए बताई जा रही है।
क्या था मामला
गौरतलब है कि सोमवार दोपहर दो अज्ञात जनों ने बैंक के चैनल गेट पर लगी घंटी बजाई। मोबाइल फोन पर बात करते आए बैंक कर्मचारी ने गेट खोला तथा उनको भीतर प्रवेश दे दिया। इसके बाद गेट पर पुन: ताला लगा दिया। दोनों में से एक जने ने बैंक कर्मचारियों पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी। फिर बैंक कर्मचारी से लॉकर खुलवा कर उसमें रखी नकदी तथा सोना दूसरे बदमाश ने साथ लाए बैग में डाल लिया। चार मिनट में वारदात को अंजाम देकर बाहर चले गए। पुलिस को आसपास के लोगों ने बताया कि भीतर घुसे बदमाशों ने पहले बैंक शाखा के पास खड़े ट्रक के पास अपनी बाइक खड़ी की। फिर बैंक में घुसे। सीसीटीवी फुटेज में एक और संदिग्ध नजर आ रहा है जो बाइक पर बैंक के बाहर के हालात पर नजर रखे हुए था। इस प्रकार लुटेरों की संख्या 3 बताई गई। नकदी और सोने के साथ अज्ञात लुटेरे बैंक कर्मचारियों के दो मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। वारदात के समय बैंक में तीन कर्मचारी मौजूद थे।