8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बाइक पर घर लौट रहे एक ही परिवार के तीन जनों की मौत

https://www.patrika.com/hanumangarh-news/ हनुमानगढ़. मोटर साइकिल पर घर लौट रही एक परिवार की तीन पीढिय़ों की जिंदगी का सफर रविवार को सड़क हादसे में खत्म हो गया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

हनुमानगढ़

•

image

Adrish Khan

•

Updated: 21 Feb 2021, 10:27 PM IST

बाइक पर घर लौट रहे एक ही परिवार के तीन जनों की मौत

बाइक पर घर लौट रहे एक ही परिवार के तीन जनों की मौत

बाइक पर घर लौट रहे एक ही परिवार के तीन जनों की मौत
- प्रौढ़ महिला और उसके बेटे-पोते की मौत
- कार ने मारी टक्कर, चालक फरार
हनुमानगढ़. मोटर साइकिल पर घर लौट रही एक परिवार की तीन पीढिय़ों की जिंदगी का सफर रविवार को सड़क हादसे में खत्म हो गया। मेगा हाइवे पर गांव नौरंगदेसर के पास कार की टक्कर से एक युवक, उसकी माता एवं पुत्र की मौत हो गई। तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। टाउन थाने के एसआई पूर्ण सिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे तथा शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को मोर्चरी में रखवा दिया। हालांकि कार चालक के किसी निजी अस्पताल में भर्ती की चर्चा रही। मगर पुलिस ने इससे इनकार करते हुए उसे फरार बताया।
जानकारी के अनुसार गांव नवां के पास स्थित ढाणी दो केकेएम निवासी बिलालद्दीन (23) अपनी माता इश्मा बीबी (45) तथा ढाई वर्षीय पुत्र हसनैन के साथ बाइक पर लखूवाली से गांव लौट रहा था। तीनों रिश्तेदारी में मिलने गए थे। जब वे मेगा हाइवे पर गांव नौरंगदेसर के पास पहुंचे तो कार आरजे 14 एक्ससी 0859 ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे तीनों बाइक से उछलकर सड़क पर गिरे। सिर में गंभीर चोटें लगने पर उनकी मौत हो गई। जबकि बाइक रोड की साइड में जा पड़ी। बाइक को टक्कर मारकर अनियंत्रित कार खेत में जा घुसी। चालक को भी हल्की चोटें आई। आसपास की ढाणियों तथा सड़क से गुजर रहे लोगों ने तीनों को संभाला। साथ ही टाउन थाने एवं लखूवाली चौकी में सूचना दी। जब लोगों ने कार को देखा तो वहां चालक मौजूद नहीं था। वह हादसे के बाद फरार हो गया। टाउन थाने के एसआई पूर्ण सिंह ने बताया कि शवों के पोस्टमार्टम सोमवार सुबह कराए जाएंगे। कार चालक मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने जताया रोष
हादसे के बाद मृतकों के परिजन जिला अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए। तीन मौतों से गुस्साए परिजन कार चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग पुलिस से करने लगे। इस बीच यह बात फैल गई कि पुलिस ने कार चालक को किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। मगर पुलिस ने इससे इनकार करते हुए मृतकों के परिजनों को समझाया।
टायर फटने की जांच
कार के अनियंत्रित होने का कारण उसका टायर फटना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि कार की जांच की जा रही है। हादसे से पहले टायर फटने को लेकर वाहन की पड़ताल की जा रही है।
हो गया परिवार खत्म
जानकारी के अनुसार इश्मा बेबी के पति की मौत कई साल पहले हो गई थी। अब हादसे में इश्मा बेबी, उसका पुत्र एवं पोता भी काल का ग्रास बन गया। हंसता-खेलता परिवार पल भर में हादसे का शिकार होकर उजड़ गया। पीछे रह गए परिवार के लोगों को यह हादसा कभी ना भरने वाला जख्म दे गया।