
हनुमानगढ़।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा बीकानेर संभाग में है। रविवार को इस यात्रा के लगभग 76 किलोमीटर के सफर तय करने का कार्यक्रम है। सीएम राजे सबसे पहले संगरिया विधानसभा के संगरिया पहुंची जहां उन्होंने आमसभा को संबोधित कर यात्रा की शुरुआत की। संगरिया विधानसभा के माणकसर में यात्रा का भव्य स्वागत रखा गया। जनसभा को सम्बोधित करते हुए जहां सीएम ने राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का बखान किया तो वहीं पूर्ववर्ती गहलोत सरकार से तुलना करते हुए उनपर जमकर निशाना साधा।
सभा के दौरान क्षेत्र के कुछ गणमान्य नागरिकोंको भाजपा पार्टी ज्वाइन करवाई गई। भाजपा में शामिल होने वालों में पूर्व आरएएस शिव प्रसाद आर्य, पूर्व प्रधानाध्यापक महेंद्र सिंह कुलहरि शामिल रहे।
सीएम ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि सबसे पहले में केशवानंद जी को याद करूंगी, जिन्होंने शिक्षा की अलख जगाई। अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं ने 20 लाख से ज़्यादा किसानों का भला किया। उनका 50 हजार का कर्ज माफ किया। इससे किसानों को 9 हजार करोड़ का लाभ मिला है। किसानों के फसल खराबे पर भी हमने सबसे ज्यादा राहत दी है।
सीएम राजे ने कहा कि सरकार ने पहली बार लघु और सीमांत किसानों का 9 हज़ार करोड़ का ऋण माफ किया। वहीं 33% फसल खराबे का मुआवजा भी दिया गया। हमने दुर्घटना बीमा 10 लाख रुपए किया।
गौरव यात्रा के तहत मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने संगरिया जनसभा में लगभग 50 मिनट जोरदार तरीके से अपनी सरकार की योजनाओं का बखान किया। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लगभग 1 बजे अपना धारा प्रवाह उद्बोधन शुरू किया। करीब 1.50 तक चले उद्बोधन में उन्होंने हर वर्ग के लिए संचालित योजनाओं का जोरदार तरीके से पक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को बरसाती मेंढक करार दिया। उन्होंने कहा कि वो 5 साल तक कहाँ थे जो अब मुझ पर सवाल उठा रहे हैं।
दोपहर बाद हनुमानगढ़ विधानसभा में मुख्यमंत्री आमसभा को सम्बोधित करेंगी। इसके बाद सीएम का हनुमानगढ़ विधानसभा के लखूवाली और फिर पीलीबंगा विधानसभा के रावतसर में स्वागत होगा। राजे यहां चौधरी रामचन्द्र मटोरिया की मूर्ति का अनावरण करेंगी। शाम लगभग 5 बजे पीलीबंगा विधानसभा के चाईया में मुख्यमंत्री की आमसभा होगी।
बीकानेर संभाग में गौरव यात्रा 11 सितंबर तक जारी रहेगी। मुख्यमंत्री की बीकानेर संभाग में यात्रा को देखते हुए एक दर्जन मंत्री संभाग के अलग-अलग जिलों में डेरा डाले हुए हैं।
हक मांगें तो मिल रही गोली-लाठी, कैसा गौरव?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से सवाल किया है कि प्रदेश की जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग करने पर भाजपा सरकार लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले, रबर की गोलियां और हवाई फायर कर दमन करने में क्या गौरव महसूस कर रही हैं।
पायलट ने बीसवें सवाल में कहा कि गत 57 माह में प्रदेश के विभिन्न वर्गों से निर्दोष नागरिकों का दमन किया गया है। गंगानगर जिले के सीसी हैड और समेजा कोठी पर सिंचाई पानी व फसल की कीमत को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने की मांग कर रहे किसानों पर लाठीचार्ज किया गया। मार्च 2015 में भूमि अधिग्रहण बिल का विरोध करने पर जयपुर में कांग्रेस नेताओं पर लाठीचार्ज किया। बेरोजगार व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर कई बार लाठीचार्ज किया गया। विश्वविद्यालय के सामने एनएसयूआइ के छात्रों को पीटा गया।
Updated on:
09 Sept 2018 02:45 pm
Published on:
09 Sept 2018 02:16 pm
