5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रिश्तों का खून: कई दिनों की कहासुनी और फिर खौफनाक मंजर; पति ने बेरहमी से काट डाला पत्नी का गला

Hapur Crime News: हापुड़ में अवैध संबंधों के शक में पति ने पत्नी का गला रेत दिया। गंभीर हालत में महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
Google source verification
hapur husband slits wife throat affair suspicion

पति ने बेरहमी से काट डाला पत्नी का गला..

Husband Slits Wife Throat: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है, जहां अवैध संबंधों के शक में एक पति ने अपनी ही पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला महताबगढ़ी में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। गंभीर रूप से घायल महिला को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

अवैध संबंधों के शक ने लिया हिंसक रूप

पुलिस के अनुसार, आरोपी पति को अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक ने धीरे-धीरे विवाद का रूप ले लिया। पिछले कई दिनों से पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे, जो आखिरकार इस खौफनाक वारदात में बदल गए।

सुबह के समय हुआ हमला, घर में मचा हड़कंप

मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे महिला घर के काम में व्यस्त थी, तभी पति से उसका विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने रसोई में रखे धारदार चाकू से पत्नी का गला रेत दिया। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े।

पड़ोसियों ने बचाई जान, अस्पताल में भर्ती

महिला की चीखें सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत उसके परिजनों व पुलिस को सूचना दी। परिजनों और मोहल्लेवासियों की मदद से घायल महिला को गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका गंभीर हालत में इलाज जारी है।

13 साल पुरानी शादी, तीन बच्चों की मां है पीड़िता

पीड़िता नीलम (35) की शादी करीब 13 साल पहले मेरठ जिले के किठौर निवासी सुनील से हुई थी। उनके तीन बेटे हैं। पारिवारिक जीवन में लंबे समय से तनाव चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, नीलम पिछले कुछ वर्षों से अपने मायके में रह रही थीं, जबकि हाल ही में दोनों फिर साथ रहने लगे थे।

शराब और बेरोजगारी से बढ़ा तनाव

आरोपी सुनील ज्वैलरी बॉक्स बनाने का काम करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से वह बेरोजगार था। बताया जा रहा है कि वह अक्सर शराब पीकर पत्नी से झगड़ा करता था, जिससे घर का माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ था।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

परिवार में पसरा मातम

घटना के बाद पीड़िता के परिवार में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।