16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रफ्तार का कहर: हापुड़ में बेकाबू कार ने महिलाओं को कुचला, चीख-पुकार के बीच तीन ने तोड़ा दम

Hapur News: हापुड़ के हाईवे-334 पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और बस का इंतजार कर रहीं महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई।

2 min read
Google source verification
hapur road accident 3 women killed

हापुड़ में बेकाबू कार ने महिलाओं को कुचला..

Hapur Road Accident: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के हाईवे-334 पर एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां खड़ी महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयावह हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

बस का इंतजार कर रहीं थीं महिलाएं

जानकारी के अनुसार यह हादसा गांव मुर्शदपुर के पास यादव ढाबे के सामने हुआ, जहां कुछ महिलाएं डिवाइडर पर खड़े होकर बस का इंतजार कर रही थीं। तभी तेज गति से आ रही कार अचानक बेकाबू हो गई और सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि महिलाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे उसकी चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग दूर जा गिरे।

तीन महिलाओं की मौत से पसरा मातम

इस हादसे में बृजनाथपुर निवासी 52 वर्षीय सितारा और 60 वर्षीय सरोज शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गांव की ही शारदा, जो लेखराम की पत्नी थीं, ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीनों महिलाओं की मौत की खबर जैसे ही उनके परिवारों तक पहुंची, घरों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मां-बेटा गंभीर रूप से घायल

हादसे में रूबी पत्नी पवन और उनका छह साल का बेटा लविश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। परिवार के लोग अस्पताल में उनकी सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।