
दूल्हे को स्टेज पर पड़े मिर्गी के दौरे, PC- Patrika
हापुड़ : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक शादी समारोह उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया जब जयमाला की रस्म के दौरान दूल्हा अचानक स्टेज पर बेहोश होकर गिर पड़ा। देखते ही देखते खुशियों का माहौल विवाद में तब्दील हो गया और दुल्हन पक्ष ने बारातियों को बंधक बना लिया। मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के बुलंदशहर रोड स्थित एक मैरिज होम का है।
गाजियाबाद के विजय नगर निवासी युवक मिंटू की बारात इस मैरिज होम में पहुंची थी। पहले खूब आगत-स्वागत हुआ, बैंड-बाजे की धुन पर दूल्हे ने दोस्तों के साथ जमकर ठुमके भी लगाए। लेकिन जैसे ही जयमाला की बारी आई और दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर आमने-सामने हुए, मिंटू अचानक चक्कर खाकर वहीं गिर पड़ा। पूरे पंडाल में हड़कंप मच गया।
दुल्हन रोते हुए बोली- 'दूल्हे की हालत देखकर मेरी जान निकल गई। हमसे उनकी बीमारी छुपाई गई। यह हमारे साथ धोखा है।' दुल्हन पक्ष का यह भी आरोप था कि दूल्हा या तो नशे में था या उसे मिर्गी के दौरे पड़ रहे थे।
मेरी तो जिंदगी बर्बाद हो गई। मैं जब स्टेज पर गई तो उसकी बत्ती सी बुझ गई थी। बड़ी गाड़ी की मांग की गई। हमारे परिवार ने कर्जे से लेकर उसे गाड़ी दी। कभी ये मांगा गया तो कभी वो मांगा गया। परिवार ने उनकी सारी डिमांड मानी गई। लेकिन, अब मुझे यह देखना पड़ रहा। मेरी तो जिंदगी ही बर्बाद हो गई।
इतना ही नहीं, दुल्हन के परिजनों ने दहेज में स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग पर भी नाराजगी जताई और सभी बारातियों को मैरिज होम में बंधक बना लिया। जोरदार हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया।
दूल्हे के भाई ने सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया। उनका कहना था कि भारी भीड़, गर्मी और डांस की वजह से मिंटू का ब्लड प्रेशर 160 तक पहुंच गया था, जिससे वह बेहोश हुआ। नशे या मिर्गी की बात को उन्होंने महज अफवाह बताया।
मिंटू को गढ़ रोड के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को खतरे से बाहर बताया है। पुलिस जांच कर रही है कि यह मामला केवल स्वास्थ्य संबंधी था या इसके पीछे कोई और पहलू भी है।
Published on:
26 Apr 2026 05:28 pm
बड़ी खबरें
View Allहापुड़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
