5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बस स्टैंड भवन निर्माण के लिए सरकार से चालीस लाख मिले

नपा दो चरण में पूरा कराएगी बस स्टैंड का निर्माण, यात्रियों के बैठने सहित अन्य सुविधाओं का रखा जाएगा विशेष ध्यान

2 min read
Google source verification

हरदा

image

Sanjeev Dubey

Apr 14, 2018

Construction of new bus stand building

Construction of new bus stand building

हरदा. दिनोंदिन बदहाल होते जा रहे शहर के सुभाषचंद्र नया बस स्टैंड भवन का नया निर्माण होगा। नगर पालिका द्वारा तैयार प्रस्ताव पर सरकार की ओर से 40 लाख रुपए दिए गए हैं। जल्द ही अन्य कागजी कार्रवाई पूर्ण कर भवन निर्माण शुरू कराया जाएगा। निर्माण दो चरणों में पूर्ण होगा। इस दौरान यात्री सुविधाओं के साथ व्यापार को बढ़ावा देने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि बस स्टैंड भवन जीर्णशीर्ण होता जा रहा है। इसकी छत और छज्जा बदहाल हो गए हैं, जो कभी भी जनहानि का कारण बन सकते हैं। वहीं परिसर में वाहनों की संख्या बढऩे से आवागमन भी दिन में कई बार बाधित होता है। इसी समस्या को दूर करने नपा ने नए भवन के निर्माण का निर्णय लिया था। नपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने बताया कि इसके लिए सरकार की ओर से 40 लाख रुपए मिले हैं। भवन का नक्शा स्वीकृति के लिए नगर तथा ग्राम निवेश (टीएंडसीपी) को भेजा गया है। जल्द ही इसका निर्माण शुरू कराया जाएगा। जैन के मुताबिक निर्माण दो चरण में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में बस स्टैंड के प्रस्तावित बी व सी ब्लाक बनाए जाएंगे। इसके तहत बीएसएनएल ऑफिस की ओर (सी ब्लाक) में 17-17 दुकानें बनाई जाएंगी। यह इमारत तीन मंजिला रहेगी। वहीं मंदिर की ओर (बी ब्लाक) भी तीन मंजिला बनाया जाएगा। इसकी हर मंजिल पर 20-20 दुकानें रहेंगी। इन दोनों का निर्माण पूर्ण होने पर बस स्टैंड के मौजूद बड़ी इमारत के स्थान पर ए ब्लाक तैयार किया जाएगा। इसमें 17-17 दुकानें ऐसी बनाई जाएंगी कि परिसर में खड़े व्यक्ति को दोनों सतह की दुकानें दिखें। इसके ऊपरी छत पर हॉल सहित अन्य निर्माण कराया जाएगा। जिन्हें व्यवसायिक उपयोग के लिए देंगे। जैन के मुताबिक निर्माण के दौरान व्यवसाय प्रभावित न हो इसके लिए यहां अस्थाई गुमटियां स्थापित की जाएंगी। यहां के व्यापारियों को नियमानुसार निर्माण राशि लेकर प्राथमिकता से दुकानें दी जाएंगी। शेष दुकानों की नीलामी कर इस राशि को भी निर्माण में लगाया जाएगा।

नए इंटकवेल पर बनेगी पुलिस चौकी
नपाध्यक्ष जैन ने बताया कि प्रस्तावित नक्शे में टंकी के इंटकवेल का स्थान भी बदला गया है। इस पर पुलिस चौकी का निर्माण कराया जाएगा। ताकि सुरक्षाकर्मी बस स्टैंड की हर गतिविधि पर नजर रख सकें। यहां फीडिंग रूम व ड्राइवर-कंडक्टर विश्राम गृह भी बनाया जाएगा। इसका उन्हें नाममात्र का शुल्क देना होगा।

6 5 फीसदी हिस्सा खुला रहेगा
शहर के मास्टर प्लान के अनुसार नपा द्वारा बस स्टैंड के 33546 .59 वर्ग मीटर क्षेत्र में से 11932 वर्ग मीटर पर निर्माण कराया जाएगा। यह कुल क्षेत्रफल का करीब 35 प्रतिशत है। यानि 6 5 फीसदी जगह खुली रहेगी। इससे बसों के आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान बचेगा। यात्रियों के बैठने की भी समुचित व्यवस्था रहेगी।

इतनी भूमि पर बनेंगे तीनों ब्लाक
- ए ब्लाक : १४५० वर्गमीटर
- बी ब्लाक : ५७० वर्गमीटर
- सी ब्लाक : ५२५ वर्गमीटर

फिलहाल छज्जे और पिलर से निकल रहे लोहे के सरिए
बस स्टैंड की छत के साथ ही पिलर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं छज्जे और पिलर से लोहे के सरिए निकल आए हैं। रोजाना प्लास्टर की परतें गिरती जा रही हैं। इससे जनहानि होने की आशंका बढ़ गई है। यहां के दुकानदारों ने अपना सामान बाहर रखना बंद कर दिया है, वहीं उनके द्वारा यात्रियों को वहां से नहीं निकलने की चेतावनी भी दी जाती है।