
फसल कटाई प्रयोग-औसत पचास किलो प्रति हेक्टेयर निकल रहा सोयाबीन का उत्पादन, केंद्रीय दल आज करेगा मूल्यांकन
हरदा। जिले में अतिवृष्टि और बाढ़ तथा कीटव्याधि से फसल उत्पादन पर खासा प्रभाव पड़ा है। राजस्व विभाग द्वारा किए जा रहे फसल कटाई प्रयोग में सामने आ रहे आंकड़े भी इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि किसानों को फसल कटाई की लागत भी नहीं निकलेगी। कृषि विभाग के अनुसार जिले में करीब 40 प्रतिशत कटाई हो चुकी है।
ज्ञात हो कि प्रशासन द्वारा इन दिनों फसल कटाई प्रयोग कराया जा रहा है। इसके औसत आंकड़ों से ही तय होगा कि जिले में औसत उत्पादन कितना रहा। विभाग द्वारा किसानों की मौजूदगी में खेतों में फसल कटाई का प्रयोग कर अनावरी रिपोर्ट निकाली जा रही है। टिमरनी तहसील के ग्राम बाजनिया में हरनारायण मलगाया व मेडिय़ाखेड़ी में मानसिंह यदुवंशी के खेत में फसल कटाई प्रयोग किया गया। अनावारी के नतीजे भी यह बता रहे हैं कि प्राकृतिक आपदा व कीटव्याधि से खरीफ फसल खराब हो गई है। सूत्र बताते हैं कि जिले में औसत 40 से 50 किलो प्रति हेक्टेयर उत्पादन निकल रहा है। सूखने पर इसका वजन और कम होगा। यानि किसानों को संपूर्ण फसल लागत तो दूर, कटाई का खर्च निकालना तक मुश्किल हो जाएगा। इसी वजह से कई किसान अपनी फसल को मवेशियों के हवाले कर चुके हैं। फसल पर कल्टीवेटर चलाकर भी नष्ट किया जा चुका है।
1 लाख 67 हजार हेक्टेयर में लगी थी सोयाबीन फसल
जिले में इस वर्ष 1 लाख 67 हजार हेक्टेयर रकबे में सोयाबीन, 12 हजार हेक्टेयर में मक्का व 6500 हेक्टेयर में मक्का की बुवाई हुई थी। बीते साल इनका आंकड़ा क्रमश: 1 लाख 64 हजार, 13 हजार व 7850 हेक्टेयर था। प्राकृतिक आपदा से सोयाबीन के अलावा मक्का और उड़द का उत्पादन भी प्रभावित हुआ है।
70 से 80 प्रतिशत नुकसान माना जा चुका
11 सितंबर को केंद्रीय दल जिले में आया था। दल ने केंद्रीय कृषि मंत्री को बताया था कि कीटव्याधि और अतिवृष्टि से जिले में खरीफ फसल को 70 से 80 प्रतिशत नुकसान हुआ है। मंत्री तोमर के निर्देश पर संयुक्त सचिव भारत शासन की अध्यक्षता में एक केंद्रीय दल का गठन किया गया है। प्रभावित जिलों में प्रारंभिक आंकलन एवं सर्वे करने के लिए पौध संरक्षण एवं संगरोध निदेशालय के इन्दौर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से डॉ. रवि छापरे की अध्यक्षता में एक दल सोमवार को जिले के भ्रमण पर आएगा। दल को क्षेत्र का भ्रमण कराने के साथ ही किसानों से चर्चा कराई जाएगी। वहीं अनावारी रिपोर्ट भी दिखाई जाएगी।
कांग्रेस आज देगी राज्यपाल के नाम ज्ञापन
इधर, जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा फसल बीमा राशि के वितरण में हुई गंभीर अनियमितताओं के खिलाफ सोमवार दोपहर 1 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन कलेक्टर को दिया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार ने बताया कि एक ओर खरीफ की फसल पूर्ण रूप से खराब हो गई है। किसानों के पास रबी फसल की बोवनी के लिए खाद, बीज खरीदने के लिए पैसों की व्यवस्था नहीं है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व कृषि मंत्री कमल पटेल रोज झूठे वादे करते हैं। प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के विरोध में ज्ञापन दिया जाएगा। उन्होंने कांग्रेसियों और किसानों से इस दौरान उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
अरुण यादव व जीतू पटवारी आज आएंगे
उधर, पूर्व विधायक डॉ. आरके दोगने ने बताया कि जिले में किसान कई तरह की समस्या का सामना कर रहे हैं। अत्यधिक कर्ज के कारण अतरसमा के एक किसान ने आत्महत्या कर ली है। इसकी जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने टीम का गठन किया है। पीसीसी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव एवं पूर्व मंत्री व विधायक जीतू पटवारी सोमवार शाम 4 बजे हरदा आएंगे। वे आत्महत्या करने वाले किसान के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट करेंगे।
तीन ओर से नदियों से घिरे गांव को बीमा लाभ देने से दूर रखा
टिमरनी तहसील का गोंदागांव खुर्द वर्षाकाल में तीन ओर से नदियों (नर्मदा, गंजाल और गोमती) से घिरा रहता है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता कि यहां बाढ़ से फसलों को कितना नुकसान होता होगा। इसके बावजूद इस गांव के किसानों को फसल बीमा 2019 से दूर रखा गया। यह बातें गांव के किसानों ने रविवार को कृषि मंत्री कमल पटेल को बताई। कृषि मंडी में मुलाकात के दौरान किसानों ने उन्हें बताया कि बीते साल उनकी 70 प्रतिशत फसल खराब हुई थी। सभी किसानों ने फसल का बीमा कराके प्रीमियम जमा किया था। इसके बावजूद इस गांव को बीमा लाभ नहीं दिया गया। किसानों ने कृषि मंत्री से बीमा लाभ देने की मांग की है। ज्ञापन देने के दौरान शंकर सिंह राजपूत, शैतान सिंह राजपूत, अंतर सिंह राजपूत, हुकम सिंह चौहान, दयाल सिंह चौहान, आशीष, बद्रीप्रसाद, शैलेंद्र तोमर, कमलेश शर्मा सुहाग सिंह, देवेश शर्मा, ओंकार पटेल ज्ञान सिंह आदि मौजूद रहे।
Published on:
21 Sept 2020 08:03 am
बड़ी खबरें
View Allहरदा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
