
बंद रहेगी मीट-मटन और मांस-मछली की दुकानें, जारी हुआ आदेश
खिरकिया. स्थानीय नगर परिषद ने शहर की मांस दुकानें 17 दिन बंद रखने संबंधी आदेश जारी किया। सीएमओ राजेन्द्र श्रीवास्वत की ओर से जारी आदेश में जैन समाज के पर्युषण पर्व 24 अगस्त से 9 सितंबर तक शहरी क्षेत्र की मांस दुकानें बंद करने का उल्लेख किया गया था। यह आदेश बुधवार को मांस दुकानदारों के पास पहुंचा। मांस दुकानदारों की ओर से विरोध किए जाने पर सीएमओ ने चार घंटे में अपना आदेश वापस ले लिया। नए आदेश में मीट दुकानें 24 अगस्त और 9 सितंबर सिर्फ दो दिन बंद रखने के निर्देश दिए।
बताया जाता है कि शहरी क्षेत्र की मीट दुकानें 17 दिन तक बंद रखने के संबंध में जारी आदेश के बाद मुस्तकीम कुरैशी के नेतृत्व में मीट दुकानदार नगर परिषद ऑफिस पहुंचे। जहां नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रजीत कौर खनूजा, नप उपाध्यक्ष विजयंत गौर, सांसद प्रतिनिधि महेंद्रसिंह खनूजा और विधायक प्रतिनिधि पूनमचंद गुप्ता से मुलाकात की।
मीट दुकानदारों ने बताया कि सीएमओ के 17 दिन व्यापार बंद रखने के आदेश से रोजी-रोटी छिन जाएगी। उनके परिवार का पालन पोषण की इसी आय पर ही निर्भर हैं। जिस पर नप अध्यक्ष कौर ने नप सीएमओ को आदेश में संशोधन करने की बात कही। इसके चलते सुबह 11 बजे जारी हुआ आदेश लगभग 4 घंटे बाद दोपहर 3 बजे संशोधित कर दिया। बता दें कि मंगलवार को स्थानीय श्वेताम्बर जैन श्रीसंघ ने एसडीएम महेश बमन्हा को ज्ञापन सौंपकर पर्युषण पर्व के दौरान मीट दुकानें बंद रखने की मांग की थीं। इसके बाद बुधवार को सीएमओ ने 17 दिन तक मीट दुकानें बंद रखने के आदेश जारी कर दिए थे।
नप सीएमओ राजेन्द्र श्रीवास्तव का कहना है कि पहला आदेश त्रुटिवश जारी हुआ था। इससे संशोधित आदेश जारी किए गए। मीट दुकानदारों को 24 अगस्त और 9 सितंबर को मांस विक्रय बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश में बंद रहेगी मांस की दुकानें
मध्य प्रदेश में त्योहारी सीजन के दौरान मांस मछली की दुकानें बंद रखने के आदेश जारी किये जाते हैं। इसी बीच राजधानी भोपाल नगर निगम ने भी त्योहारों पर मांस बिक्री को लेकर आदेश जारी किए गए हैं। जिसके अनुसार भोपाल नगर निगम में अगस्त और सितंबर के महीने में अलग अलग दिनों में दुकानें बंद रहेंगी। इस अवधि में किसी भी तरह के मांस की बिक्री पर पूरी तरह से बंद रहेगी। बंद के दौरान कोई भी दुकानदार मांस का विक्रय करता है तो उसका लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है।
इन दिनों में बंद रहेंगी मास की दुकानें
भोपाल नगर पालिक निगम ने 31 अगस्त पर्युषण पर्व का प्रथम दिवस/गणेश चतुर्थी मंगलवार, 6 सितंबर 2022 डोल ग्यारस शुक्रवार, 9 सितंबर 2022 पर्युषण पर्व का आखिरी दिन/अनंत चतुर्दशी और रविवार 11 सितंबर 2022 पर्युषण पर्व में संवत्सरी और उत्तम क्षमा दिवस होने के कारण भोपाल नगर निगम की सीमां में आने वाली मांस विक्रय की दुकाने बंद रहेंगी।
Updated on:
25 Aug 2022 03:53 pm
Published on:
25 Aug 2022 03:46 pm
बड़ी खबरें
View Allहरदा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
