
Stolen Injury at Government College
हरदा. स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के कार्यालय के मुख्य द्वार के दोनों दरवाजे के ताले तोड़कर वहां रखी तिजोरी से 12 लाख 17 हजार रुपए से ज्यादा की चोरी हो गई। वारदात रविवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें से दो कॉलेज में अस्थाई कर्मचारी के रूप में काम करते हैं।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रभा सोनी ने बताया कि 14, 15 व 16 फरवरी को नियमित व स्वाध्यायी छात्रों से जमा की गई फीस की राशि कार्यालय के कक्ष की अलमारी में रखी गई थी। शनिवार व रविवार को बैंक अवकाश होने से इसे जमा नहीं किया गया था। सोमवार सुबह भृत्य लोकेश गौर उनके घर प्राचार्य कक्ष की चाबी लेने पहुंचा था। उसने बताया कि कैशियर का कमरा खुला है। इसके बाद उन्होंने स्टाफ के अन्य सदस्यों को मौके पर भेजकर दिखवाया। तब वारदात का पता चला। डॉ. सोनी के मुताबिक चोरी गई राशि अधिक भी हो सकती है। इसका हिसाब जोड़ा जा रहा है।
चौकीदार छुट्टी पर गया था, दूसरे की थी ड्यूटी
प्रभारी प्राचार्य डॉ. सोनी ने बताया कि कॉलेज का चौकीदार छुट्टी पर गया था। उसके स्थान पर देवेंद्र मेश्राम को यह काम सौंपा गया था। पुलिस ने पूछताछ के लिए देवेंद्र व लोकेश को हिरासत में लिया है। दोनों ही कॉलेज के अस्थाई कर्मचारी हैं।
कई अलमारियों में से रुपए वाली को ही चुना
वारदात का महत्वपूर्ण पहलु यह है कि जहां से रुपयों की चोरी हुई वहां कई अलमारियां हैं। लेकिन आरोपियों ने उसी अलमारी का ताला तोड़कर चोरी की जिसमें रुपए रखे थे।
अलमारी में रखे जाते हैं लाखों रुपए
कॉलेज में फीस के लाखों रुपए आते हैं, लेकिन इन्हें सुरक्षित रखने के लिए तिजौरी तक नहीं है। साधारण अलमारी में इसे रखा जाता है। बताया जाता है कि पुराने भवन के प्राचार्य कक्ष की दीवार में तिजोरी बनी थी। नए भवन में इसकी व्यवस्था नहीं है। इस संबंध में प्रभारी प्राचार्य डॉ. सोनी ने बताया कि नकदी जमा करने की व्यवस्था बंद करने के लिए उन्होंने कॉलेज में कियोस्क सेंटर शुरू करने को कहा था, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो सका।
हुलिए से शंका के दायरे में आए कर्मचारी
वारदात के बाद टीआई सुभाष दरश्यामकर बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस दौरान मुख्य द्वार सहित कार्यालय के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए। इसमें एक युवक परिसर में घूमते दिखाईदिया। उसके मुंह पर कपड़ा बंधा था। कॉलेज स्टाफ को यह दिखाया गया तो हुलिए के आधार पर लोकेश के रूप में इसकी पहचान हुई। पुलिस ने लोकेश व देवेंद्र को तत्काल हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
17.77 लाख तक पहुंच सकता है चोरी का आंकड़ा
पुलिस जब कॉलेज पहुंची तब प्रबंधन द्वारा करीब 12 लाख रुपए की चोरी का कहा गया। साथ ही यह भी बताया गया कि यह फायनल आंकड़ा नहीं है। हिसाब मिलाने के बाद राशि बढऩे की उम्मीद भी है। शाम तक यह क्लियर नहीं हो सका तो फिलहाल १२ लाख १७ हजार रुपए की चोरी ही लिखाई गई। कॉलेज स्टाफ के मुताबिक यह आंकड़ा १७ लाख 77 हजार रुपए तक हो सकता है।
पुलिस ने बरामद की राशि, फिलहाल खुलासा नहीं
पुलिस सूत्रों के अनुसार कॉलेज के कर्मचारी लोकेश व देवेंद्र से पूछताछ में उन्होंने वारदात करना स्वीकार किया है। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके गांव मजली के एक युवक को हिरासत में लिया। बताया जाता है कि पुलिस ने 12 लाख रुपए बरामद भी कर लिए हैं। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। जो राशि बरामद हुई हैं और प्रबंधन द्वारा जो बताईजा रही है उसमें करीब 5 लाख रुपए का अंतर सामने आ रहा है। कॉलेज प्रबंधन द्वारा हिसाब लगाने के बाद ही सामने आएगा कि कितनी राशि चोरी हुई थी।
इनका कहना है
फिलहाल 12.17 लाख रुपए की चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हिसाब मिलने के बाद यह राशि बढ़ भी सकती है। कॉलेज के दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
- सुभाष दरश्यामकर, टीआई, शहर कोतवाली
Published on:
19 Feb 2019 07:00 am
बड़ी खबरें
View Allहरदा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
