
सांकेतिक फोटो
हरदोई। हरदोई-उन्नाव कटरा मार्ग पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में महिला भाजपा नेता के पति की मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के कन्हारी गांव के पास ढाबे के बाहर खड़े व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सवायजपुर कस्बा निवासी ममता वाजपेयी, जो भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व मंडल अध्यक्ष हैं, उनके पति सच्चिदानंद वाजपेयी उर्फ पप्पू (55) रविवार सुबह अपनी बाइक से अमिरता गोशाला जा रहे थे। रास्ते में कन्हारी गांव के पास स्थित एक ढाबे पर उन्होंने चाय पीने के लिए रुक गए। चाय पीने के बाद वह सड़क किनारे अपनी बाइक के पास खड़े थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ढाबा संचालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान के लिए तलाशी के दौरान उसके पास से एक डायरी मिली, जिसमें दर्ज मोबाइल नंबरों के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। सूचना पाकर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव को देखते ही उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गए हैं। पति की अचानक मौत से ममता वाजपेयी की हालत बदहवास हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ब्लॉक प्रमुख संघ के प्रदेश अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह सेनानी भी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
26 Apr 2026 11:45 pm
Published on:
26 Apr 2026 11:40 pm
बड़ी खबरें
View Allहरदोई
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
