हाथरस। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान सहित कई प्रदेशों के साथ किसानों के आंदोलन की आग हाथरस तक पहुंच गई है। सब्जियों के सही रेट न मिलने के कारण प्रदेश भर में किसानों के द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। हाथरस में किसानों ने सड़क पर सब्जियां फेक कर सरकार का विरोध किया। यहां राष्ट्रीय किसान महासंघ के बैनर तले भारतीय किसान यूनियन हरपाल गुट द्वारा विरोध प्रदर्शन हाथरस के सासनी मंडी में किया गया।
सरकार की ठोस नीतियों का अभाव
जिले की तहसील सासनी क्षेत्र में स्थित मंडी परिसर में किसानों ने सब्जियां सड़कों पर फेंक कर अपना विरोध प्रदर्शन किया।किसानों का आरोप है कि सरकार किसानों के साथ वादा खिलाफी कर रही है। किसानों को उनकी फसल के मूल्य से मात्र एक रुपया ज्यादा मिल रहा है, उस एक रूपए में किसान क्या कर लेगा। सरकारी की ठोस नीति के अभाव में सब्जियां बहुत सस्ती हैं, किसान को सब्जियों का सही मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन होगा उग्र
किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरपाल सिंह ने कहा कि इन सभी समस्याओं के चलते राष्ट्रीय किसान महासंघ के बैनर तले सब्जियां मंडी परिसर में सब्जियां फेंक कर विरोध किया जा रहा है। राष्ट्रीय किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरपाल सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है, अभी तो किसानों ने संघर्ष शुरू किया है, सरकार को किसानों की फसल की लागत का कोई अंदाजा नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही कोई समाधान नहीं निकाला गया तो हमारे द्वारा जल्द ही प्रदर्शन को उग्र रूप दे दिया जायेगा। यह प्रदर्शन सड़कों पर उतर कर किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदार खुद सरकार होगी।