छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से बिहार के सासाराम जा रही बस के यात्रियों को सपने में भी गुमान नहीं था कि वे कुछ समय बाद ही मौत के मुंह में समाने जा रहे हैं। ड्राइवर को झपकी आ जाने से हजारीबाग जिले के गढ़वा-रंका रोड पर अन्नराज घाटी पर सोमवार अलसुबह करीब 4:30 बजे यात्रियों से भरी बस 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई, वही तीस से अधिक यात्री जख्मी हैं।
बस क्रमांक बीआरओ 2टी-7211 में साठ से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डीएसी श्रीराम सामद, पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार व थाना प्रभारी निरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल अन्नराज घाटी पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी घायलों को घाटी से निकालने में मदद की।
बस का बन गया कचूमर
पुलिस के अनुसार मृतकों में तीन बिहार और आठ झारखंड के हैं। खाई में गिरने के बाद बस का कचूमर बन गया। इस भीषण दुर्घटना में गढ़वा निवासी आजसू नेता इश्तियाक रजा के परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई और 13 सदस्य घायल हो गए। वे लोग पत्थलगांव (छत्तीसगढ़) से शादी समारोह से लौट रहे थे। रिम्स में इलाज के लिए भेजे गए नगर गढ़वा के शान मोहम्मद खलीफा (50 वर्ष), नगवा मोहल्ले की जरीना बीवी (48 वर्ष) और गठौली औरंगाबाद के प्रभु चौधरी (40 वर्ष) ने बताया कि वे लोग रायगढ़ से बाबा यात्री बस से सासाराम जा रहे थे। जोर की आवाज हुई और चीख-पुकार मच गई। यात्री नींद में थे। हमें अहसास हुआ कि गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। करीब आधा घंटा बाद पुलिस वहां पहुंची, तो राहत कार्य शुरू हुआ। इन घायलों में जरीना की हालत गंभीर है।
चालक को झपकी आने से हुई दुघर्टना !
पुलिस ने बताया कि मृतकों में बस चालक व खलासी भी शामिल है। अन्नराज घाटी में जहां दुर्घटना हुई, वहां खतरनाक मोड़ है। कोई संकेतक भी नहीं लगा है। संभवतः चालक को झपकी आ गई होगी, जिससे बस अनियंत्रित हो गई। बहरहाल, घटना की जांच-पड़ताल कर रही है।