
होटल में पति-पत्नी और वाे का घंटों ड्रामा चला (Photo- gemini ai)
Agra News: आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में सोमवार दोपहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को एक अन्य व्यक्ति के साथ होटल में देख लिया। इसके बाद होटल परिसर में काफी देर तक बहस और विवाद चलता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनने पर मामला शांत हो गया।
जानकारी के अनुसार, कमला नगर क्षेत्र में रहने वाले एक कारोबारी को पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी की गतिविधियों पर संदेह था। उनका आरोप है कि उनकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में थी। इसी वजह से वह कुछ दिनों से पत्नी पर नजर रखे हुए थे।बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर महिला अपनी बेटी को किसी सहेली के घर छोड़ने की बात कहकर घर से निकली। पति को शक हुआ तो वह भी चुपचाप उसके पीछे-पीछे चल पड़ा।
आरोप है कि महिला न्यू आगरा क्षेत्र के एक होटल पहुंची, जहां पहले से एक व्यक्ति मौजूद था। कुछ देर बाद पति भी होटल पहुंच गया। वहां दोनों को साथ देखकर उसने आपत्ति जताई, जिसके बाद होटल परिसर में कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में माहौल तनावपूर्ण हो गया। होटल स्टाफ ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने की कोशिश की। इस दौरान पति ने मोबाइल से घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
हंगामे की सूचना मिलने पर न्यू आगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों पक्षों को शांत कराया और आगे की पूछताछ के लिए थाने ले गई। घटना के दौरान होटल के बाहर लोगों की भीड़ भी जुट गई थी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे किसी भी वीडियो या दावे पर बिना आधिकारिक पुष्टि के भरोसा न करें।
थाने पहुंचने के बाद पति-पत्नी और दूसरे पक्ष के बीच काफी देर तक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि महिला पहले अपने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज करा चुकी है। इसके बावजूद दोनों एक ही घर में रह रहे थे और उनके बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।
न्यू आगरा थाना प्रभारी निरीक्षक निशामक त्यागी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल होटल पहुंची थी। सभी पक्षों को थाने लाकर बातचीत कराई गई। कई घंटे तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई, जिसके बाद मामला शांत हो गया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई नई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। यदि भविष्य में कोई शिकायत मिलती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
14 Jul 2026 12:18 pm
Published on:
14 Jul 2026 12:18 pm
