scriptमेष से मीन राशि तक के लोगों के लिए कैसा रहेगा साल 2024, पढ़ें आर्थिक स्थिति से करियर तक का हाल | new year horoscope aries to pisces How will be year 2024 varshik rashifal for all zodiac mesh to meen financial condition to career | Patrika News
राशिफल

मेष से मीन राशि तक के लोगों के लिए कैसा रहेगा साल 2024, पढ़ें आर्थिक स्थिति से करियर तक का हाल

new year horoscope साल 2023 बीतने वाला है, इस साल ने कुछ लोगों की झोली खुशियों से भर दी है तो कुछ लोगों का कड़ा इम्तिहान लिया। अब नया साल 2024 आने वाला है तो क्या आपका भी समय बदलेगा, यह बात तो सबके दिमाग में आती है, इसलिए राशि चक्र की सभी 12 राशियों के लोगों के लिए कैसा रहेगा नया साल 2024 इसे बता रहे हैं मशहूर ज्योतिषाचार्य पं. अरविंद तिवारी। इससे पता चलेगा इस साल कैसी रहेगी आपकी आर्थिक स्थिति और करियर, पारिवारिक जीवन लेगा कौन सा मोड़ तो पढ़ें वार्षिक राशिफल 2024 मेष से मीन

Dec 26, 2023 / 01:27 pm

Pravin Pandey

varshik_rashifal.jpg

वार्षिक राशिफल 2024

मेष राशि 2024
राशि चक्र की पहली राशि मेष के लोग प्रायः बुद्धिमान, साहसी और व्यवहारकुशल होते हैं। इस राशि के लोग आर्थिक रूप से समृद्ध भी होते हैं और विलासिता पसंद करते हैं। मेष वार्षिक राशिफल 2024 के अनुसार इस साल मेष राशि के लोगों पर बृहस्पति देव की अपार कृपा रहने वाली है, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत। आय के नए स्रोत बन सकते हैं। निवेश के लिए यह साल आपके लिए बेहतर रहने वाला है। इस साल के पहले भाग में आपका जीवन खुशहाल रहने वाला है। विद्यार्थियों के लिए साल 2024 काफी अनुकूल रहने वाला है। हालांकि इस साल परिणाम आपकी मेहनत के अनुसार ही मिलेंगे।

वृषभ राशिफल 2024
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार वृषभ राशि वालों का व्यक्तित्व बहुत आकर्षक होता है। इस राशि में जन्मे व्यक्ति की शारीरिक बनावट बहुत से लोगों को आकर्षित कर सकती है। इस राशि के लोग स्वभाव से हंसमुख हो सकते हैं। साल 2024 में बृहस्पति देव आप पर मेहरबान रहने वाले हैं, इस साल वृषभ राशि के लोगों को खूब मान-सम्मान मिल सकता है। वहीं नए साल 2024 में शनि देव आपके एकादश भाव में रहने वाले हैं, इसलिए कभी-कभी शनि का आपके जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। शिक्षा के क्षेत्र में यह वर्ष आपके लिए लाभकारी साबित होगा। इस साल छात्रों को उनकी मेहनत का फल जरूर मिलेगा। साथ ही आप इस साल पढ़ाई के लिए विदेश भी जा सकते हैं।
मिथुन राशिफल 2024
मिथुन राशि के लोगों की बौद्धिक क्षमता का स्तर ऊंचा होता है और वह व्यावहारिक और मेहनती होते हैं। मिथुन राशिफल 2024 की भविष्यवाणी के मुताबिक, नया साल आपके लिए बहुत सारी खुशखबरियां लाएगा। इस वर्ष आप जिस क्षेत्र में प्रयास करेंगे, उसमें सफलता मिलेगी। मिथुन राशि वालों को इस साल प्रसिद्धि और धन का लाभ भी मिलने वाला है। आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, अगर आपको कोई बीमारी है तो उसमें सुधार होगा। नौकरीपेशा लोगों के लिए नौकरी बदलने के योग बनेंगे। व्यापारियों के लिए साल 2024 फायदेमंद रहने वाला है, व्यापारी इस साल किसी दूसरे बिजनेस में भी निवेश कर सकते हैं। मिथुन राशि के विद्यार्थियों के लिए भी यह साल काफी फायदेमंद रहेगा।
कर्क राशिफल 2024
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार कर्क राशि के लोग बहुत संवेदनशील और जिज्ञासु होते हैं। कर्क राशिफल 2024 के अनुसार, यह साल कर्क राशि वालों के लिए रोजगार के लिए काफी फायदेमंद रहेगा। नौकरी में प्रमोशन मिलने की भी संभावना बन सकती है। साल 2024 में इस राशि के लोगों को काफी यात्राएं करनी पड़ सकती हैं। इस साल लव लाइफ में जिद करना आपके लिए ठीक नहीं रहेगा, जिससे आपको काफी परेशानी हो सकती है। स्वास्थ्य ठीक रहेगा और इस वर्ष भारी धन निवेश करना ठीक नहीं रहेगा वर्ना नुकसान हो सकता है। सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले छात्रों को इस साल शुभ परिणाम मिलेगा। पारिवारिक और वैवाहिक जीवन में उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है लेकिन स्थिति आपके नियंत्रण में रहेगी।
ये भी पढ़ेंः गुरु करने वाले हैं गोचर, इन राशियों वाले रहें संभलकर

सिंह राशिफल 2024
सिंह राशि के लोग प्रभावशाली व्यक्तित्व वाले होते हैं। सिंह राशिफल 2024 के अनुसार, यह साल आपके लिए कुछ खास नहीं रहेगा। वर्ष 2024 की शुरुआत में आपको कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है लेकिन आप सूझबूझ से सभी परेशानियों को दूर करने में सक्षम होंगे। साथ ही नए साल में आप अपने किसी करीबी के व्यवहार से दुखी भी हो सकते हैं। लेकिन इस साल का दूसरा भाग सिंह राशि के लोगों के लिए काफी अनुकूल साबित होने वाला है। पारिवारिक जीवन बेहतर रहेगा और जीवनसाथी के साथ नई संपत्ति खरीद सकते हैं। छात्रों के लिए साल 2024 कुछ खास अच्छा नहीं रहने वाला है, कड़ी मेहनत करने पर ही उन्हें अच्छे परिणाम मिल सकते हैं।
कन्या राशिफल 2024
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार कन्या राशि के लोग बहुत बुद्धिमान, विवेकशील, आर्थिक रूप से मजबूत, चतुर और चालाक होते हैं। अब आने वाले साल 2024 की बात करें तो कन्या राशि के लोगों के लिए साल 2024 काफी फायदेमंद रहने वाला है। इस राशि के लोगों को हर तरफ से नए साल में लाभ मिलने वाला है। हालांकि नए साल में आपकी सेहत खराब हो सकती है, इसलिए इस राशि के लोग अपनी सेहत का ध्यान रखें। इस साल का पहला भाग प्रेम, विवाह और संतान के लिए बहुत अच्छा रहने वाला है। काम-धंधे के लिए यह साल काफी अच्छा रहेगा, बस आपको थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है। हालांकि आपके कुछ खर्चे भी बढ़ सकते हैं इसलिए अपने खर्चों पर भी नियंत्रण रखें। माता पिता के साथ आपके संबंध अच्छे रहेंगे और परिवार की जरूरतों को पूरा कर पाएंगे।
तुला राशिफल 2024
ज्योतिषाचार्यों का मानना है कि नए साल 2024 में सितारों की ऐसी स्थिति रहेगी कि तुला राशि वालों के लिए साल 2024 सामान्य रहने वाला है। शनि के प्रभाव से नए साल में परिवार में सुख-शांति रहेगी और परिवार में कोई धार्मिक कार्यक्रम हो सकता है। इस वर्ष तुला राशि के लोगों का स्वास्थ्य अनुकूल रहने वाला है। अगर आप इस साल घर या कार खरीदने की सोच रहे हैं तो खरीद सकते हैं। लव लाइफ और पर्सनल लाइफ के लिए इस साल का दूसरा भाग काफी अच्छा रहेगा। इस साल नौकरी पेशा लोगों को प्रमोशन मिल सकता है और आमदनी के अन्य मार्ग भी बनेंगे। हालांकि तुला राशि के विद्यार्थियों के लिए यह वर्ष मिलाजुला रह सकता है। साल 2024 में परिवार में किसी सदस्य की सरकारी नौकरी लग सकती है, जिससे सभी प्रसन्न रहेंगे। जीवनसाथी के साथ संबंध उतार-चढ़ाव वाले रहेंगे लेकिन स्थिति सामान्य रहेगी।
वृश्चिक राशिफल 2024
वृश्चिक राशि वालों के लिए साल 2024 काफी अच्छा रहने वाला है। इस साल सभी ग्रह आप पर मेहरबान नजर आ रहे हैं, जिससे आपको जीवन के सभी क्षेत्रों में अच्छी सफलता मिलेगी। हालांकि शनि ग्रह की वजह से कुछ परेशानियां आ सकती हैं लेकिन चिंता करने की जरूरत नहीं है, आप सभी समस्याओं से निपटने में सक्षम बनेंगे। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी और परिवार में किसी सदस्य का विवाह भी हो सकता है। लव लाइफ के लिए यह साल बहुत अच्छा रहने वाला है, थोड़ी बहुत नोक झोंक रहेगी लेकिन आपका रिश्ता मजबूत रहेगा। शादीशुदा जातकों के लिए साल 2024 उतार-चढ़ाव वाला रहेगा लेकिन पूरे साल एक दूसरे का साथ देते हुए कार्य करेंगे। 2024 की भविष्यवाणी के अनुसार यह वर्ष आपके लिए नौकरी और व्यवसाय में अनुकूल रहेगा। विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करने की जरूरत है, अच्छे परिणाम मिलेंगे।
ये भी पढ़ेंः New Year Rashifal 2024: नए साल 2024 में गुरु करेंगे कृपा, कुंभ राशि वालों को धन लाभ पर क्रिप्टो करेंसी से रहना होगा दूर


धनु राशिफल 2024
अक्सर धनु राशि के लोग आध्यात्मिक और पारंपरिक विचार वाले होते हैं। इस बीच 1 जनवरी से शुरू हो रहे साल 2024 में बृहस्पति धनु राशि के पंचम भाव में और शनि तीसरे भाव में रहेंगे, जिसके कारण साल 2024 आपके लिए मध्यम फलदायी रहेगा। आर्थिक मामलों में थोड़ी परेशानी हो सकती है लेकिन कड़ी मेहनत के बाद आपको अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। इस साल जब आप निवेश करें तो किसी विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें। धनु राशिफल 2024 के अनुसार, परिवार में पहले जैसी सुख-शांति नहीं रहेगी, जिसके कारण आपका स्वास्थ्य भी बिगड़ सकता है। लव लाइफ के लिए भी यह समय अनुकूल नहीं है, लेकिन साल के दूसरे भाग में सब कुछ ठीक होने के संकेत हैं। विद्यार्थियों के लिए भी यह वर्ष अच्छा रहेगा।
मकर राशिफल 2024
मकर राशि के लोग उदार, शर्मीले और दूसरों के प्रति सहानुभूति रखने वाले होते हैं। साल 2024 की भविष्यवाणी के मुताबिक, इस साल का पहला भाग आपके लिए काफी बेहतर रहने वाला है। आपके द्वारा बनाई गई योजनाएं आपको सफलता की ऊंचाइयों तक ले जा सकती हैं। परिवार में भी शांति रहेगी और परिवार के सदस्यों में आपसी प्रेम भी बना रहेगा। राशिफल 2024 के अनुसार, यदि आपकी शादी नहीं हुई है तो यह वर्ष आपके विवाह के लिए अनुकूल है। पारिवारिक और वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा और इस साल आपको सरकार द्वारा सम्मानित भी किया जा सकता है, जिससे समाज में आपका मान सम्मान भी बढ़ेगा। विद्यार्थियों के लिए साल 2024 कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। साल के दूसरे भाग में अगर आप कहीं निवेश करने की सोच रहे हैं तो सोच-समझकर करें।

कुंभ राशिफल 2024
कुंभ राशि के लोग प्रायः दार्शनिक, उदार, आकर्षक व्यक्तित्व के साथ व्यवहारकुशल होते हैं। कुंभ राशिफल 2024 के अनुसार, यह साल आपके लिए मिलाजुला रहेगा। साल के पहले भाग में परिवार के सदस्यों के साथ कुछ मतभेद हो सकते हैं। परिवार में किसी के स्वास्थ्य को लेकर आप चिंतित हो सकते हैं और इस वजह से भागदौड़ भी करनी पड़ सकती है। साल 2024 में किसी भी तरह के वाद विवाद से दूर रहें वर्ना कुछ अदालती उलझन आपको चिंतित कर सकती हैं। इस साल कुंभ राशि के लोगों को लव लाइफ में भी सफलता मिलने की उम्मीद है। वैवाहिक जीवन सुखमय रहेगा और कार्यक्षेत्र में भी विस्तार होगा। राशिफल 2024 के अनुसार छात्रों के लिए यह साल अच्छा रहने वाला है, प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छे परिणाम की प्राप्ति होगी।

मीन राशिफल 2024
मीन राशि के लोग प्रायः धार्मिक होते हैं। राशिफल 2024 के अनुसार, इस साल का शुरुआती भाग आपके लिए काफी अच्छा रहने वाला है। आपके घर में कोई शुभ कार्य हो सकता है। लेकिन घर में कुछ लोगों का व्यवहार आपके प्रति अच्छा नहीं रहेगा, जिससे आपके मन को ठेस पहुंच सकती है। नवविवाहित लोगों को इस साल कोई खुशखबरी मिल सकती है, जिससे परिवार में कोई शुभ कार्यक्रम हो सकता है। आपके लग्न भाव पर केतु की छाया भी दिखाई दे रही है, जिसके कारण आपको अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। साल 2024 की भविष्यवाणी के अनुसार, आपको वाहन आदि सावधानी से चलाना चाहिए और स्वाभाविक जल्दबाजी से बचें। लव लाइफ अच्छी रहेगी लेकिन आपके दांपत्य जीवन में कुछ खटास आ सकती है। यह साल आपके लिए अच्छी नौकरी भी लेकर आएगा। कार्यक्षेत्र में लाभ मिलने के योग हैं। विद्यार्थियों के लिए यह साल अनुकूल रहेगा, लेकिन साल के दूसरे भाग में कुछ परेशानियां आ सकती हैं।

Hindi News/ Astrology and Spirituality / Horoscope / मेष से मीन राशि तक के लोगों के लिए कैसा रहेगा साल 2024, पढ़ें आर्थिक स्थिति से करियर तक का हाल

ट्रेंडिंग वीडियो