
यदि महाराज दशरथ केवल राजा होते तो अपने एक बाण से ताड़का जैसी बलशाली राक्षसी का वध करने वाले राम की सुरक्षा को लेकर चिंतित नहीं होते, पर वे राम के पिता भी थे। वह पिता, जो अपने बच्चों को सदैव बच्चा ही समझता रहता है।
महाराज दशरथ के सामने अनेक दुविधाएं थीं। राम जैसे योग्य राजकुमार को राज्य से निष्कासित करना अयोध्या एक राजा के रूप में उनकी पराजय थी, तो अपने हृदय के टुकड़े को वनवास देना एक पिता के रूप में उनकी हार थी। अपनी एक पत्नी की जिद के आगे झुक कर शेष दो पत्नियों के दुख का कारण बनना एक पति के रूप में उन्हें तोड़ रहा था, तो जीवन के अंतिम चरण में प्रिय पुत्र के वियोग की आशंका उन्हें किसी बड़े अपराध का दण्ड लग रही थी। अपनी युवावस्था में देवताओं का सहयोग करने का सामथ्र्य रखने वाला योद्धा आज परिस्थितियों के आगे विवश होकर बच्चों की भांति बिलख रहा था। वे रानी कौशल्या के कक्ष में निढाल से पड़े थे।
तापस वेश में राम आए। उनके पीछे सिया और सबसे पीछे लक्ष्मण। तीनों ने उनके चरण छुए और जाने की आज्ञा मांगी। महाराज दशरथ कुछ बोल नहीं रहे थे। देर तक चुपचाप देखते रहने के बाद बोले-तुम्हारे विवाह के दिन मैंने महाराज जनक को वचन दिया था राम, कि 'आज से आपकी बेटियां मेरी बेटियां हैं।' और मेरी यह बेटी मेरे जीवित रहते ही वल्कल वस्त्र पहन कर वन जा रही है? मेरे जीवित रहने का कोई एक कारण भी शेष है अब?'
'आपके आशीष की छाया में सिया वन में भी सुखी रहेंगी पिताश्री! आप चिन्ता न करें, आपका राम उन्हें कोई कष्ट नहीं होने देगा। आप हमारी चिन्ता न करें, चौदह वर्ष पश्चात हम इसी तरह खुशी खुशी आ कर आपसे पुन: आशीष प्राप्त करेंगे। आप हमें आज्ञा दें।'
दशरथ ने कोई उत्तर नहीं दिया। राम ने बहुत सी बातें कहीं, समझाईं, पर वे जैसे कुछ भी सुन नहीं रहे थे। तीनों ने माता कौशल्या के भी चरण छुए और कक्ष से निकल गए। बाहर मंत्री सुमंत रथ लेकर उनकी प्रतीक्षा कर रहे थे।
राजा दशरथ ने अपनी ओर से अंतिम उपाय कर लिया था। सुमंत को कहा गया था कि राम को वन में घुमा कर किसी भी तरह वापस बुला लाना है। इस तरह कैकई की वनवास की मांग भी पूरी हो जाएगी और अयोध्या से उसके राम अलग भी नहीं होंगे।
राम का रथ अयोध्या की सड़कों से निकला तो धीरे धीरे अयोध्यावासी भी उनके साथ चलने लगे। रथ के पीछे भीड़ बढ़ती गई। लग रहा था जैसे समूची अयोध्या ही वन जाने के लिए निकल पड़ी हो। परिस्थितियों ने उन्हें अयोध्या की सत्ता और राम में से किसी एक को चुनने के लिए विवश किया था, यह लोक का अपना चयन था कि हमें राम के पीछे चलना है।
रथ जब अयोध्या नगर की सीमा पर पहुंच गया तो राम ने रथ रुकवाया। पीछे चल रही भीड़ भी थम गई। राम को अपनी ओर मुड़ते देख कर अयोध्यावासी चिल्लाए-हमें स्वयं से दूर कीजिये युवराज! हमें आप ही के साथ रहना है। आप जहां रहेंगे, हम वहीं अपनी नई अयोध्या बसा लेंगे। हम अपने राम को नहीं छोड़ सकते...'
राम हाथ जोड़ कर मुस्कुराए और कहा, 'सुनिए! मुझ पर विश्वास है आपको?'
भीड़ चिल्लाई- हमें केवल और केवल अपने राम पर ही विश्वास है।
'तो विश्वास रखिए! आज से लेकर सृष्टि के अंत तक यह भारत भूमि राम की ही रहेगी। जो राम का होगा वही इस देश का होगा, और जो इस देश से जुड़ेगा वह स्वत: राम का हो जाएगा। मेरे देश की विपत्ति के समय में आप उसका साथ न छोड़ें, यहां रह कर भी आप सदैव राम के हृदय में रहेंगे। मैं वचन देता हूं, चौदह वर्ष बाद आपसे पुन: मिलूंगा और हम साथ मिल कर नवयुग का निर्माण करेंगे।'
राम ने यह बात कुछ इस तरह कही कि किसी की ओर से आपत्ति नहीं हुई। कौन था जो राम पर अविश्वास करता?
भीड़ ने वहीं भूमि पर माथा टेक लिया। रथ आगे बढ़ चला।
उधर अयोध्या के महल में घनघोर उदासी पसरी हुई थी। कोई किसी से बात नहीं कर रहा था। सब निढाल पड़े हुए थे। महाराज दशरथ के हृदय में बस एक आशा का दीपक जल रहा था कि कहीं सुमंत राम को समझाने में सफल हो जाएं और उन्हें वापस लौटा लाएं।
तीसरे दिन मंत्री सुमंत वापस राजधानी लौटे। महाराज के कक्ष में गए। उन्हें देखते ही दशरथ हड़बड़ा कर उठे और कहा- कहां है मेरा राम? वह वापस लौट आया न? बोलो सुमंत, राम लौट आया न?
सुमंत ने सर झुका कर कहा- क्षमा करें महाराज। मैं उन्हें रोक न सका, वे चले गए।
राजा दशरथ ने पूरी शक्ति लगा कर मुट्ठी बांधी ओर एक जोर का मुक्का अपनी छाती पर मारा, जोर से राम का नाम लेकर चिल्लाए और धड़ाम से गिर गए।
Published on:
31 Dec 2022 06:18 pm
बड़ी खबरें
View Allराशिफल
धर्म/ज्योतिष
ट्रेंडिंग
