6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पुलिस वालों की नींद लगते ही हवालात से भागी महिला चोर, लापरवाही किसकी पता लगा रहे अफसर

भीड़ ने पकड़कर किया था महिला को पुलिस के हवाले, चार घंटे बाद पता लगा, डेरे से किया गिरफ्तार
2 min read
Google source verification
पुलिस वालों की नींद लगते ही हवालात से भागी महिला चोर, लापरवाही किसकी पता लगा रहे अफसर

पुलिस वालों की नींद लगते ही हवालात से भागी महिला चोर, लापरवाही किसकी पता लगा रहे अफसर

होशंगाबाद/ देहात थाने की हवालात से गुरुवार तड़के को चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक महिला फरार हो गई। जिस समय वह भागी थाने में ड्यूटी कर रही महिला पुलिसकर्मी से लेकर अन्य कर्मचारी गहरी नींद में थे। उन्हें चार घंटे बाद महिला के फरार होने का पता। जो महिला भागी उसे भीड़ ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था लेकिन उसकी रिश्ते की बहन मौके से भाग गई थी। उसकी बहन को ढूंढने में असफल रही पुलिस हवालात से भागी महिला को गुरुवार को उसके औबेदुल्लागंज स्थित डेरे से गिरफ्तार कर लाई। लेकिन रात तक पुलिस अधिकारी इस मामले में न तो पुलिस कर्मियों की लापरवाही पता कर जिम्मेदारी तय कर पाए और न ही कार्रवाई। एसपी एमएल छारी ने इसका पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं।


यह था मामला
टीआई आशीष सिंह पवार ने बताया कि 9 अक्टूबर को हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी फरियादी सत्येंद्र तिवारी की रिपोर्ट पर अर्जुन नगर औबेदुल्लागंज निवासी आरोपी लुप्पिनबाई पत्नी दिलपाल पारदी एवं उसकी बहन के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है।

सुबह 4 से 6 बजे की बीच भागी महिला
महिला को कॉलोनी वालों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया था। पुलिस ने फरार उसकी बहन के बारे में पता लगाने व अन्य चोरियों की पूछताछ के लिए उसे दो दिन के रिमांड पर लिया था। गुरुवार तड़के 4 बजे से लेकर 6 बजे वह हवालात से भाग गई। उसकी निगरानी के लिए तैनात महिला हवलदार सविता बारस्कर की नींद लग गई थी। थाने के संतरी से लेकर वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी सो रहे थे।

महिला हवलदार के खिलाफ होगी जांच
टीआई का दावा है कि उसे चंद घंटे बाद ही दबोच लिया गया। उसके भागने के मामले में ड्यूटी पर तैनात महिला हवलदार के खिलाफ भी एसपी ने जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद लापरवाही पर कार्रवाई होगी। पुलिस अभिरक्षा से भागने पर महिला के खिलाफ धारा 224 आईपीसी का केस दर्ज किया। जेवर लेकर भागी उक्त युवती की रिश्ते की बहन अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

कैमरे बंद कर सो जाते हैं पुलिस वाले
थाना परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस सूत्र बताते हैं कि रात में ड्यूटी पर तैनात पुलिस वाले यह कैमरे बंद कर देते हैं ताकि सो सकें और इसकी अधिकारियों को भनक भी नहीं लगे। इसी कारण पहले भी थाने से चोरियां हो चुकी हैं। रेत माफिया थाना परिसर से जब्त डंपर तक चोरी कर ले जा चुका है। बावजूद पुलिस थाने के हालात जस के तस हैं। अधिकारी भी मातहत लापरवाह कर्मचारियों को बचाते नजर आते हैं। जबकि इस मामले में प्रथम दृष्टया रात्रि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया जाना चाहिए था।