
नई दिल्ली। चिड़ियाघर में हमें तरह-तरह के जीव-जंतु देखने को मिल जाते हैं। यहां लोगों को कई तरह के निर्देश दिए जाते हैं जैसे कि शांति भंग न करे, जानवरों को खाना इत्यादि न दे, उन पर पत्थर या कोई चीज न फेंके और न ही उनके साथ छेड़खनी करें। हालांकि कुछ लोग ऐसा करने से बाज नहीं आते हैं जिसका भुगतान भी उन्हें ही करना पड़ता है। हाल ही में संयुक्त राज्य में स्थित अरीजोना की राजधानी फीनिक्स में स्थित एक जू में भयंकर हादसा हो गया।
वाइल्ड लाइफ वर्ल्ड जू में हर रोज की तरह शनिवार के दिन भी पर्यटकों की भीड़ पहुंची। उनमें से एक महिला जैगुअर (चीते जैसे जानवर) के साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर रही थी। तस्वीर स्पष्ट आए इस चक्कर में वह महिला जैगुअर के बाड़े के और करीब जाने के लिए एक बाड़ पर चढ़ गई। तभी अचानक वह मादा जैगुअर वहां पहुंची और उस महिला को अपने हाथ से जोरदार झपटा मारा।
महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। वह जमीन पर लेटकर छटपटा रही थी। दर्द से कराह रही उस महिला की स्थिति को देख किसी ने वीडियो बना लिया। परिवार के लोगों ने चिड़ियाघर के अधिकारियों से अनुरोध किया तो पैरामैडिक्स को बुलाया गया। वैसे तो महिला की जान बच गई, लेकिन उन्हें कई गंभीर चोटें आई हैं।