
CM योगी ने पीड़ित परिवार के लिए लगाई मदद की झड़ियां, साथ ही कही ऐसी बात..कांप जाएगी दंगाइयों की रूह
नई दिल्ली। यूपी के बुलंदशहर में हुए दंगे में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह शहीद हो गए। गुरूवार को शहीद का पूरा परिवार सीएम योगी आदित्यनाथ से मिला। ये मुलाकात सीएम योगी के सरकारी आवास पर हुई, जहां मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद का वादा किया। सीएम योगी ने शहीद के परिवार को भरोसा दिया कि वे दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवास पर पीड़ित परिवार के साथ हुई मुलाकात में योगी आदित्यनाथ ने दंगाइयों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि, ''दोषी इस गलतफहमी में न रहें कि वे बच जाएंगे।''
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद के परिवार से कुल 7 वादे किए, जिनका विवरण निम्नलिखित है-
- सीएम ने शहीद की पत्नी रजनी को 40 लाख रुपये देने का वादा किया था, जिसके बाद योगी ने उन्हें 40 लाख रुपये का चेक दे दिया।
- सीएम ने शहीद के माता-पिता को 10 लाख रुपये देने का वादा किया है।
- सीएम ने जैथरा-कुरौली मार्ग को शहीद सुबोध कुमार सिंह मार्ग नाम देने का वादा किया है।
- शहीद के पैतृक गांव तिरगवां में सुबोध कुमार सिंह के नाम पर इंटर कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा।
- परिवार द्वारा लिए गए होम लोन और एजुकेशन लोन को यूपी सरकार चुकाएगी।
- शहीद के दोनों बेटों की पढ़ाई का पूरा खर्च राज्य सरकार देगी।
- शहीद के परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
गौरतलब है कि बीते सोमवार को बुलंदशहर के स्याना में गोकशी के नाम पर ज़बरदस्त हिंसा हुई थी। इस हिंसा में दंगाइयों और पुलिस के बीच झड़प हो गई थी। इस हिंसा में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की गोली लगने से मौत हो गई थी। हिंसा में एक अन्य युवक की भी मौत हो गई थी। शहर में हुई भयानक हिंसा पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो एफआईआर फाइल की है। पहली एफआईआर में कुल सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तो वहीं दूसरी एफआईआर में शहीद सुबोध सिंह की हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इस एफआईआर में 27 नामजद हैं जबकि 60 से ज़्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ केस फाइल किया गया है। बुलंदशहर हिंसा में पुलिस ने अबतक चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
Updated on:
06 Dec 2018 02:42 pm
Published on:
06 Dec 2018 02:42 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
