नई दिल्ली। असम से मॉब लिंचिंग का एक बेहद ही सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। कर्बी आंगलांग जिले में बच्चा चोरी के शक में भीड़ ने दो लोगों को पीट-पीटकर मार डाला। मारे गए लोगों में एक गीतकार और एक बिजनेसमैन है। नीलोत्पल दास (29) एक गीतकार हैं तो वहीं दूसरी ओर अभिजीत नाथ (30) गुवाहाटी में अपना बिज़नेस करते थे, वे एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट थे। पुलिस ने बताया कि मारे गए दोनों ही युवक दोस्त थे और गुवाहाटी के ही रहने वाले थे। नीलोत्पल दास और अभिजित नाथ बीते शुक्रवार की रात को कर्बी आंगलांग के कांगथीलांगसो गए हुए थे।