
कमरे से आ रही थी बच्चे के रोने की आवाजें, दरवाजा खोलते ही घरवालों के पैरों तले खिसक गई जमीन
नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश के मंडी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घर में महिला ने अपनी चार साल की बेटी को मौत के घाट उतारकर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले का खुलासा तब हुआ जब सुबह कमरे के अंदर से महिला के चार महीने के बच्चे के रोने की आवाज आई। घर पर मौजूद अन्य लोगों ने दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
फौज में है पति, एक महीना पहले छुट्टियां काटकर डयूटी पर गया
मामला मंडी जिला के पधर उपमंडल के तहत आने वाले बासाधार गांव का है। 28 वर्षीय पुष्पलता की शादी फौज में शामिल रजनीकांत से हुई थी। महिला का पति फौज में तैनात है और एक महीना पहले ही अपनी छुट्टियां काटकर वापस डयूटी पर गया है। महिला की एक चार साल की बेटी और चार महीने का बेटा था। बताया जा रहा है कि महिला बीते कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी।
सुबह बच्चे की रोने की आवाज आई, दरवाजा खोला तो उड़े होश
शुरुआती जांच में महिला के देर रात में फांसी लगाने की बात सामने आ रही है। सुबह जब बच्चे के रोने की आवाजें सुनाई दी तो घर पर मौजूद अन्य लोगों ने दरवाजा खोला। दरवाजा खोलते ही कमरे के अंदर का खौफनाक नजारा देखर परिजनों के होश उड़ गए। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर जाकर शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। फारेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाकर सभी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस का कहना है कि महिला मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही थी। मामले की जांच के बाद कुछ साफ हो पाएगा कि उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
Published on:
19 Sep 2018, 5:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.