15 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महिलाओं के स्वास्थ्य की नई पहल, निशुल्क योग-ध्यान शिविर का शुभारंभ

राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली एवं पतंजलि योग समिति कर्नाटक के संयुक्त तत्वावधान में केशवापुर स्थित आजाद कॉलोनी के जैन मंदिर के सामने बाफना भवन स्थित पतंजलि राज्य कार्यालय में महिलाओं के लिए विशेष निशुल्क योग-ध्यान शिविर का शुभारंभ किया गया। महिलाओं के स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और नियमित योग अभ्यास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस शिविर का आयोजन अब प्रतिदिन किया जाएगा।

2 min read
Google source verification
योगाभ्यास और प्राणायाम करते प्रतिभागी।

योगाभ्यास और प्राणायाम करते प्रतिभागी।

योग से स्वास्थ्य, ध्यान से मानसिक शांति की ओर कदम
शिविर के उद्घाटन अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बालिकाएं, युवतियां एवं महिलाएं उत्साहपूर्वक शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। वरिष्ठ महिला सदस्य गीता एम. जैन धनापुरा एवं नन्ही बालिका पहल ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में प्रतिभागियों ने योग, ध्यान और प्राणायाम का अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान उपस्थित महिलाओं और युवतियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

योग के प्रति जागरूकता बढ़ रही
पतंजलि योग समिति के कर्नाटक राज्याध्यक्ष एवं शिविर प्रभारी भंवरलाल आर्य ने बताया कि लोगों में योग के प्रति जागरूकता और रुचि लगातार बढ़ रही है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं बल्कि मानसिक शांति और संतुलित जीवन का आधार भी है। शिविर में योग सत्रों के साथ स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी जानकारी भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए प्रतिदिन शाम 5 से 6 बजे तक इसी स्थान पर विशेष योग कक्षाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि वे नियमित योग अभ्यास से जुड़कर इसका लाभ उठा सकें।

सूक्ष्म व्यायाम करवाए
पतंजलि युवा भारत के राज्य प्रभारी किरण कुमार ने प्रतिभागियों को प्राणायाम के साथ सूक्ष्म व्यायाम करवाए और योग की विभिन्न विधियों का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि नियमित योग और ध्यान से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन अनुशासित बनता है। साथ ही उन्होंने विभिन्न योगासन और प्राणायाम के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी।

शिविरार्थियों ने किए अनुभव साझा
प्रारम्भ में राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली के संपादकीय प्रभारी अशोक सिंह राजपुरोहित ने राजस्थान पत्रिका द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत चलाए जा रहे जनजागरण अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान पत्रिका समाज में सकारात्मक बदलाव और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार कार्य करता रहा है। इस दौरान शिविरार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। नन्ही बालिका पहल और पहली कक्षा की छात्रा नूतना के. ने भी सूक्ष्म अभ्यास कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।