11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिजनेस में आगे बढ़ रहा आंजणा पटेल समाज, राजाराम जयंती महोत्सव मनाते हैं धूमधाम से, होली, दिवाली व अन्य पर्व भी उत्साह से मना रहे

प्रवासी संस्थाएं: श्री राजाराम आंजणा पटेल संघ बेलगावी

2 min read
Google source verification
राजेश्वर भगवान आंजणा (पटेल) भवन बेलगावी

राजेश्वर भगवान आंजणा (पटेल) भवन बेलगावी

कभी कृषि एवं पशुपालन से जुड़ा रहा आंजणा पटेल समाज अब बिजनेस के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। अकेले बेलगावी शहर में आंजणा पटेल समाज की 110 दुकानें हैं। वहीं समूचे बेलगावी जिले में करीब 230 दुकानें हैं। वर्ष 2005 में समाज का चार मंजिला राजेश्वर भगवान आंजणा (पटेल) भवन बनाया गया। भवन में चार हाल एवं कमरे बने हुए हैं। परिसर में सागवान के 12 पौधे लगाए गए हैं। समाज के अधिकांश परिवार बालोतरा, जालोर, सांचौर, सिरोही, पाली एवं जोधपुर जिलों के रहने वाले हैं। समाज के लोग किराणा, ओटोमोबाइल्स, स्टील, प्लास्टिक, किचनवेयर, कोस्मेटिक, स्टेशनरी, इलेक्ट्रिकल्स व इलेक्ट्रॉनिक्स समेत अन्य बिजनेस से जुड़े हुए हैं।

होली पर गैर नृत्य
आंजणा पटेल समाज की ओर से राजाराम जयंती धूमधाम से मनाई जाती है। जयंती साल में दो बार मनाई जाती है। वहीं मालाराम जयंती भी हर साल मनाई जा रही है जिनकी सैंडा के पास विंजा में समाधि बनी हुई है। होली एवं दिवाली का पर्व उत्साह एवं उमंग के साथ मना रहे हैं। होली के दिन गैर नृत्य का आयोजन किया जाता है। ढूंढोत्सव भी होता है। वहीं दीपावली स्नेह मिलन का आयोजन किया जाता है।

मेहनत के बूते आगे बढ़ रहे
आंजणा पटेल समाज के लोगों का कहना है कि रोजगार के लिए भले ही वे कर्नाटक में आ गए हैं लेकिन उनका जुड़ाव आज भी राजस्थान से बना हुआ है। हर खास मौके पर राजस्थान जरूर जाते हैं। समाज के अधिकांश लोग अधिक पढ़े-लिखे नहीं हैं लेकिन बिजनेस के क्षेत्र में ईमानदारी, लगन एवं मेहनत के बूते आगे बढ़ रहे है। यही वजह हैं कि उन्हें बिजनेस के क्षेत्र में सफलता भी मिल रहा है।

राजनेताओं का स्वागत
श्री राजाराम आंजणा पटेल संघ बेलगावी के मंगलाराम एम. चौधरी कहते हैं, राजस्थान एवं अन्य स्थानों से आने वाले प्रमुख राजनेताओं का समाज की ओर से स्वागत-सत्कार किया जाता है। समाज के लोगों का राजस्थान से निरन्तर जुड़ाव बना हुआ है। शादी-विवाह एवं अन्य अवसरों पर समाज के लोग राजस्थान जाते हैं।

रेल व हवाई कनेक्टिविटी अच्छी
श्री राजाराम आंजणा पटेल संघ बेलगावी के पूर्व अध्यक्ष केसाराम चौधरी जैतपुरा कहते हैं, बिजनेस के लिहाज से बेलगावी अच्छा है। यहां काफी स्कोप है। बेलगावी से जोधपुर एवं किशनगढ़ के लिए हवाई सेवा की सुविधा है। वहीं रेल की सुविधा भी अच्छी है। जोधपुर के लिए तीन दिन तथा अजमेर के लिए भी सप्ताह में तीन दिन रेल सेवा उपलब्ध है।