
Durgamma Sashikant Bijwad
हुब्बल्ली-धारवाड़ नगर निगम के वार्ड-69 में चार सामुदायिक भवनों का नवीनीकरण करवाया जाएगा। इससे साथ ही अन्दरुनी इलाकों में सीमेन्ट कंक्रीट सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा। प्रमुख जगहों एवं चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना भी बनाई गई है। अगले एक साल में सभी घरों में 24 घंटे पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। हुब्बल्ली-धारवाड़ नगर निगम के वार्ड-69 की पार्षद दुर्गम्मा शशिकांत बिजवाड ने यह जानकारी दी। वीरापुर ओनी, शांतिनिकेतन कॉलोनी, के.बी. नगर, करगन ओरैकल, मेहबूब नगर इस वार्ड के तहत आते हैं। उन्होंने यहां से निर्दलीय जीत दर्ज की। बाद में वे भाजपा में शामिल हो गई। वे स्वास्थ्य कमेटी की सदस्य भी रह चुकी है। यहां राजस्थान पत्रिका के साथ विशेष बातचीत में उन्होंने वार्ड में किए जा रहे विकास कार्र्यों एवं योजनाओं के बारे में बताया। प्रस्तुत है उनसे हुई बातचीत के प्रमुख अंश:
सवाल: वार्ड में क्षतिगस्त सड़कों को दुरुस्त करने की क्या योजना है?
पार्षद: शांति निकेतन कॉलोनी के पांच प्रमुख मार्ग एवं छह साइड मार्ग में सीसी रोड बनाई गई है। वीरापुर गली में दो सीसी रोड का निर्माण करवाया गया है। के.बी. नगर के आठवीं एवं नवीं क्रोस में दो सीसी रोड एवं भूमिगत सीवरेज लाइन बिछाई गई है। वीरापुर ओनी और गोलर कॉलोनी में सीसी रोड एवं भूमिगत सीवरेज बिछाई गई है। वीरापुर ओनी के संकेरी में भूमिगत सीवरेज लाइन डाली गई है। इन इलाकों में बोरवेल का कनेक्शन दिया गया है। सभी प्रमुख मार्गों एवं आंतरिक मार्गों पर सीसी रोड बनाने की योजना तैयार की गई है। इसके साथ ही जहां जरूरत होगी वहां भूमिगत सीवरेज भी बिछाई जाएगी।
सवाल: सरकारी स्कूलों में सुधार के लिए क्या प्रयास हो रहे हैं?
पार्षद: सांसद कोटे से सरकारी स्कूल में चार कक्षा-कक्षों का निर्माण करवाया गया है। चार और कक्षा-कक्ष बनाने की योजना है। शौचालय का निर्माण करवाया गया है। के. बी. नगर में 75 लाख रुपए की राशि से सामुदायिक हॉल के लिए चारदीवारी एवं आसपास फुटपाथ बनाया गया है।
सवाल: इलाके में पेयजल की किल्लत अधिक है। इसे दूर करने को लेकर क्या योजना है?
पार्षद: पेेयजल किल्लत दूर करने को प्राथमिकता दी जा रही है। अगले एक साल में 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है। इस पर काम किया जा रहा है। इससे लोगों को बहुत राहत मिल सकेगी।
सवाल: कोविड के दौरान लोग अधिक परेशान रही। तब मदद के लिए क्या प्रयास हुए?
पार्षद: कोविड के समय जब लोग अधिक परेशानी में थे तब व्यक्तिगत स्तर पर समूचे वार्ड में घर-घर जाकर सूखी भोजन सामग्री के दो बार पैकेटों का वितरण किया। इससे लोगों को काफी राहत मिली।
सवाल: वार्ड में कानून-व्यवस्था बेहतर बनाने की दिशा में क्या कार्य हो रहा है?
पार्षद: 25 लाख की लागत से करीब पचास स्थानों पर सीसीटीवी लगा रहे हैं। अगले महीने यह काम शुरू कर दिया जाएगा। वार्ड के सभी पांच सामुदायिक भवनों में सीसीटीवी प्राथमिकता के आधार पर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही मंदिर, स्कूल एवं अन्य प्रमुख जगहों पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे। सभी मुख्य मार्ग के प्रवेश एवं निकासी पर भी सीसीटीवी लगाने की योजना है। हर खम्भे पर लाइटें लगाई जा रही है। चालीस नई एलईडी लगा रहे हैं। कई जगह मिनी हाई मास्क लाइट लगाई गई है।
Updated on:
07 Dec 2023 02:57 pm
Published on:
07 Dec 2023 02:54 pm
बड़ी खबरें
View Allहुबली
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
