
NEET-UG 2026
घटना रविवार को bengaluru के आरसी गवर्नमेंट कॉलेज परीक्षा केंद्र की है। परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार को निर्धारित समयानुसार दोपहर 1:30 बजे बंद कर दिया गया। इससे ठीक एक मिनट पहले, 1:29 बजे सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (PA System) के माध्यम से अंतिम घोषणा कर अभ्यर्थियों को सूचित किया गया था कि 1:30 बजे के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, तीनों छात्राएं दोपहर 1:32 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचीं। तब तक मुख्य द्वार बंद हो चुका था। छात्राओं और उनके अभिभावकों ने अधिकारियों से प्रवेश की अनुमति देने का अनुरोध किया, लेकिन परीक्षा नियमों के तहत उन्हें अनुमति नहीं मिली। परीक्षा छूट जाने की आशंका से परेशान छात्राओं ने मुख्य द्वार की रेलिंग फांदकर परिसर में प्रवेश करने की कोशिश भी की। हालांकि, परीक्षा भवन और परीक्षा हॉल के प्रवेश द्वार भी निर्धारित समय पर बंद कर दिए गए थे। ऐसे में उन्हें परीक्षा देने की अनुमति नहीं मिल सकी।
नियमों का हवाला देते हुए उन्हें प्रवेश नहीं दिया
केंद्र के बाहर मौजूद अभिभावकों का कहना था कि छात्राएं समय पर घर से निकली थीं, लेकिन शहर में कांग्रेस की रैली के कारण कई स्थानों पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। इसी वजह से वे समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सकीं। उनका कहना था कि छात्राओं ने पूरी कोशिश की, लेकिन महज दो मिनट की देरी उनके भविष्य पर भारी पड़ गई। घटना के बाद परीक्षा केंद्र के बाहर भावुक दृश्य देखने को मिले। छात्राएं और उनके परिजन अधिकारियों से बार-बार अनुरोध करते रहे, लेकिन परीक्षा संचालन से जुड़े नियमों का हवाला देते हुए उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया।
परीक्षा कक्षों में CCTV निगरानी की व्यवस्था
गौरतलब है कि NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा रविवार को देशभर के साथ-साथ विदेशों के परीक्षा केंद्रों पर भी कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित की गई। यह पुनर्परीक्षा 3 मई को आयोजित मूल परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद कराई जा रही है, जिसकी जांच अभी जारी है। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू हुई और अतिरिक्त 15 मिनट सहित शाम 5:15 बजे तक चली। देश के 551 शहरों में 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेशों में 14 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 95 हजार से अधिक परीक्षा कक्षों में CCTV निगरानी की व्यवस्था की गई तथा हजारों जैमर भी लगाए गए।
Published on:
21 Jun 2026 05:40 pm
बड़ी खबरें
View Allहुबली
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
