25 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चार दशक से श्रद्धा का केंद्र बना साईं धाम, शिरडी से लाई गई अखंड ज्योत 40 वर्षों से निरंतर प्रज्ज्वलित

हुब्बल्ली के रानी चेन्नम्मा सर्किल के समीप स्थित श्री शिरडी साईं सद्भक्त मंडल द्वारा संचालित साईं बाबा मंदिर पिछले चार दशकों से श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मंदिर न केवल धार्मिक गतिविधियों का केंद्र है, बल्कि समाजसेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। करीब 40 वर्ष पूर्व शिरडी से लाई गई पवित्र ज्योत आज भी मंदिर में अखंड रूप से 24 घंटे प्रज्ज्वलित है। यह ज्योत श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और साईं बाबा के प्रति समर्पण का प्रतीक मानी जाती है। मंदिर में साईं बाबा की लगभग 6 फीट 3 इंच ऊंची भव्य इटालियन मार्बल की प्रतिमा स्थापित है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। इसके अलावा परिसर में भगवान हनुमान, भगवान शंकर, भगवान दत्तात्रेय और भगवान गणपति की प्रतिमाएं भी विराजमान हैं।
2 min read
Google source verification
हुब्बल्ली का शिरडी साईं बाबा मंदिर।

हुब्बल्ली का शिरडी साईं बाबा मंदिर।

विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन
धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ मंदिर सामाजिक सेवा के कार्यों में भी सक्रिय है। मंदिर परिसर में आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए नि:शुल्क आवास एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में लगभग 20 बच्चे यहां निवास कर रहे हैं और उनकी देखभाल की जा रही है। मंदिर में प्रतिवर्ष तीन प्रमुख धार्मिक महोत्सव गुरु पूर्णिमा, रामनवमी और साईं बाबा समाधि उत्सव (दशहरा)भव्य रूप से मनाए जाते हैं। प्रत्येक आयोजन एक सप्ताह से अधिक समय तक चलता है, जिसमें भजन-कीर्तन, प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है। हर गुरुवार को मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस अवसर पर भक्तों को नि:शुल्क प्रसाद वितरित किया जाता है।

मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना
साईं सेवा के विस्तार की दिशा में मंडल एक महत्वाकांक्षी परियोजना पर भी कार्य कर रहा है। मंडल द्वारा कलघटगी रोड स्थित कुरुविनकोप्पा गांव में 14 एकड़ भूमि पर साईं परिवार वृद्धाश्रम का निर्माण कराया जा रहा है। आगामी तीन से चार वर्षों में तैयार होने वाले इस वृद्धाश्रम में लगभग 600 बुजुर्गों के रहने की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मंदिर का उद्देश्य केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्गों की सेवा कर साईं बाबा के सबका मालिक एक और मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

सेवा में मिला जीवन का संतोष और समाधान
श्री शिरडी साईं सद्भक्त मंडल के सचिव ब्रज मोहन भूतड़ा कहते हैं, वर्ष 1988 से मैं मंदिर से जुड़ा हुआ हूं और प्रतिदिन बाबा के दर्शन के लिए जाता हूं। जो भी कार्य करता हूं, उसे बाबा की सेवा और पूजा मानकर करता हूं। अपने प्रत्येक कर्म का फल उनके चरणों में समर्पित कर स्वयं को उनकी शरण में छोड़ देता हूं। उन्होंने कभी किसी अपेक्षा के साथ सेवा नहीं की। केवल श्रद्धा, विश्वास और समर्पण के भाव से बाबा की सेवा करते हुए जीवन व्यतीत किया है। इसी निस्वार्थ भाव का परिणाम है कि उन्हें जीवन में चहुंमुखी विकास, आत्मिक संतोष और हर परिस्थिति में समाधान प्राप्त हुआ है। सच्ची भक्ति का अर्थ मांगना नहीं, बल्कि समर्पण करना है। जब मनुष्य अपने अहंकार और कर्मों का भार ईश्वर के चरणों में रख देता है, तब उसका जीवन सहज, सरल और आनंदमय बन जाता है। बाबा की कृपा से उन्हें यही अनुभूति प्राप्त हुई है और आज भी वे उसी श्रद्धा और विश्वास के साथ सेवा-पथ पर अग्रसर हैं।