
ट्रांसजेंडर और उत्पीड़ित महिलाओं को मिलेंगे आवास
शिवमोग्गा. ट्रांसजेण्डर, उत्पीडि़त महिलाओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध करवाने की अपील प्रत्येक जिले के जिलाधिकारी से की गई है। जिलाधिकारी की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की गई है। शीघ्र ही निगम को जगह भी मिलेगी। ये विचार कर्नाटक राज्य महिला विकास निगम की अध्यक्ष शशिकला वी. टेगली ने व्यक्त किए। वे राज्य महिला विकास निगम योजना से संबधित जिला पंचायत सभागृह में आयोजित बैठक को संबोधित कर रही थीं।
निगम की ओर से प्रत्येक जिले के जिलाधिकारी से पत्र के माध्यम से ट्रांसजेण्डर तथा उत्पीडि़त महिलाओं को मकान मुहैया करवाने के लिए जगह उपलब्ध करवाने की अपील की गई है। शिवमोग्गा जिलाधिकारी 5 एकड़ भूखंड उपलब्ध करवाने के लिए राज़ी हुए हैं।
शिवमोग्गा शहर में लगभग 300 उत्पीडि़त महिलाएं तथा 600 ट्रांसजेण्डर हैं। इन्हें स्वावलंबन बनाने के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं जारी की जा रही हैं। उन्होंने ट्रांसजेण्डरों से भीख न मांगने की अपील की। निगम की ओर से विभिन्न योजना उद्योगिनी, लघु ऋण, समृध्दि, अनुसूचित जाति- जनजातीय उपयोजना, धनश्री, चेतना, ट्रांसजेण्डर के लिए पुनर्वास योजना, उत्पीडि़त-लैंगिक ट्रांसजेण्डर की सुविधा के लिए अन्य योजनाएं जारी करने की दिशा में अधिकारियों को ठोस कदम उठाने चाहिए।
आर्थिक मदद : रायचूरु, होसपेटे जिले में ट्रांसजेण्डर संगठित होकर उत्पादन इकाई स्थापित कर कारोबार चला रहे हैं। होसपेटे में स्थापित मूंगफली चटनी की इकाई अत्यंत सफल हुई है। उन्होंने कहा कि स्वावलंबन होने के इरादे से यदि कोई इकाई स्थापित करना चाहे तो उसे सरकार की ओर से मदद सहित जानकारी भी दी जाएगी।
Published on:
2 Jul 2021, 8:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.