13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चुपके से अवैध गोदाम पहुंच गया प्रशासन, मौके पर ’66 सिलेंडर’ जब्त, आरोपी फरार

MP News: प्राथमिक जांच में सामने आया कि यहां घरेलू सिलेंडरों से व्यावसायिक सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरने का काम किया जा रहा था....

2 min read
Google source verification
66 Cylinders Seized

66 Cylinders Seized प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)

MP News: शहर में गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यू लोहा मंडी क्षेत्र में अवैध गैस गोदाम पर छापा मारा। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर और रिफलिंग उपकरण जब्त किए हैं। जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू के मार्गदर्शन में विभागीय दल ने सुबह करीब 6 बजे से निरीक्षण अभियान शुरू किया।

इसी दौरान न्यू लोहा मंडी में हरिओम गुप्ता के अवैध गैस गोदाम पर दबिश दी गई। मौके से 24 व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 42 घरेलू गैस सिलेंडर सहित कुल 66 सिलेंडर बरामद हुए। इसके अलावा सिलेंडरों से गैस निकालकर दूसरे सिलेंडरों में भरने के लिए उपयोग की जा रही तीन इलेक्ट्रिक गैस अंतरण मोटर और दो तौल कांटे भी जब्त किए गए।

घरेलू से व्यावसायिक सिलेंडरों में भर रहे थे गैस

प्राथमिक जांच में सामने आया कि यहां घरेलू सिलेंडरों से व्यावसायिक सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरने का काम किया जा रहा था। टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी हरिओम गुप्ता फरार हो गया। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि सिलेंडरों को लाने-ले जाने और रिफलिंग के काम में एक बाइक का इस्तेमाल हो रहा था।

टीम ने उक्त बाइक को भी जब्त किया है। सभी सिलेंडर और उपकरण जब्त कर गोदाम को सील कर दिया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। कार्रवाई में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अंकुर गुप्ता, सुचित्रा दुबे, अजय अस्थाना सहित विभागीय टीम शामिल रही।

गैस टंकी बेचने के विवाद में मारपीट

शहर में गैस टंकियों की किल्लत और आपूर्ति को लेकर मचे घमासान के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। ताजा मामला द्वारकापुरी थाना क्षेत्र का है, जहां गैस टंकी बेचने की बात को लेकर उपजे विवाद में दो युवकों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस के अनुसार, फरियादी कुलदीप ने थाने में आर्यन और प्रवीण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। कुलदीप का आरोप है कि गैस टंकी बेचने की बात को लेकर आरोपियों ने उसके साथ विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने आपा खो दिया। फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे अपशब्द कहे, जब उसने विरोध किया तो मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और फरार हो गए।