इंदौर

Indore News : कॉलोनियां वैध हो गईं पर नक्शा मंजूरी को लेकर संकट

नगर निगम ने पहले चरण में 100 अवैध कॉलोनियों को किया है वैध, अब राज्य शासन से मांगा जा रहा है मार्गदर्शन

3 min read
Jun 19, 2023
Indore News : कॉलोनियां वैध हो गईं पर नक्शा मंजूरी को लेकर संकट

इंदौर. शहर में कटी अवैध कॉलोनियों को वैध किया जा रहा है। नगर निगम कॉलोनी सेल यह काम कर रहा है। अभी तक 100 अवैध कॉलोनियां वैध हो गई हैं। इनमें विकास शुल्क जमा करवाकर खाली प्लॉट पर नक्शे मंजूर हो रहे हैं, किंतु बने हुए मकान का नक्शा मंजूर करने को लेकर संकट के बादल छाए हुए हैं। इन संकट के बादलों को कैसे साफ किया जा सकता है इसको लेकर निगम ने राज्य शासन से मार्गदर्शन मांगा हैं, क्योंकि बने हुए मकान का नक्शा पास करने में कई तरह की तकनीकी खामिया सामने आ रही हैं।

निगम के कॉलोनी सेल ने शहर और 29 गांव में सर्वे कर 900 से ज्यादा अवैध कॉलोनियां चिह्नित कीं। इनमें से 540 के आसपास कॉलोनी अवैध होना पाई गईं। जिसमें से 250 कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया शुरू कर 100 कॉलोनियों को अवैध से वैध कर दिया गया। बाकी बची कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया चल रही हैं। निगम कॉलोनी सेल ने 100 कॉलोनियों को वैध कर दी मगर बने हुए मकानों के नक्शे पास करने और रजिस्ट्री करने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसको लेकर निगम कॉलोनी सेल ने राज्य शासन से मार्गदर्शन मांगा है। इसकी पुष्टि निगमायुक्त हर्षिका सिंह ने की है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने शहर की 100 कॉलोनियों को वैध करने की घोषणा की थी। निगम ने कॉलोनियों को वैध किए जाने का आदेश रहवासी संघ को प्रमाण पत्र के रूप में दिया। सबसे अधिक संख्या में विधानसभा एक और पांच की अवैध कॉलोनियों को वैध किया गया है। कॉलोनी वैध होने के बाद रहवासी बड़ी संख्या में नक्शा मंजूरी के लिए निगम बिल्डिंग परमिशन शाखा में लगा रहे हैं। इस मामले में तकनीकी पेंच फंस रहा है। निगम अफसर अवैध से वैध हुई कॉलोनी में खाली प्लॉट पर नक्शा पास कर हैं, लेकिन बने हुए मकान पर नक्शा पास कैसे किया जाए इसको लेकर उलझन फंसी हुई है।

ये कॉलानियां हुई वैध

ब्रह्मबाग कॉलोनी, पेनजान कॉलोनी, कैलाश नगर, सुरेन्द्र नगर, एकता नगर, गंगा धाम, सिद्ध नगर, बालाजी विहार, प्रिन्स सिटी,केशव नगर, गणेश नगर, शांति नगर, भोलेनाथ धाम, भगवती नगर, यशोदा नगर, कृष्णा नगर, चौधरी पार्क के पास, जगदीशपुरी, अजय बाग कॉलोनी, न्यू एकता नगर, चंदन नगर ई, ई एफ सेक्टर, तुलसीराम नगर, जगन्नाथ नगर, अंजली नगर, रजा नगर, न्यू खातीपुरा, देवश्री कॉलोनी, विकास नगर, जगदीश नगर, दशरथ बाग, सुगंधा नगर, यादव पैलेस, राधा कृष्ण विहार, रामा कॉलोनी, राही नगर एक्सटेंशन, साटम पार्क कॉलोनी, सागर पैलेस कॉलोनी, न्यू जगन्नाथ नगर,गुलाब बाग, रानी पैलेस, छत्रपति नगर, सुनील नगर, कस्तूरी नगर, केदार नगर, शालीमार पैलेस, रकबा, भवानी नगर, हुकुमचंद कॉलोनी, राजाराम नगर, गणेश नगर (हिम्मत नगर) नंदन बाग कॉलोनी, शंकर कॉलोनी, सागर विहार, राखी नगर, योजना 46, योजना 139 एमआर 10 के पास, योजना. 94 सेक्टर जी में स्थित न्यू इंदिरा नगर, एकता नगर व चौहान नगर का व्यवस्थापन, प्राधिकरण की योजना.38 का भाग, दिलीप नगर, आकाशदीप कॉलोनी, सिल्वर नगर, संजीवनी नगर सहित कुल 100 कॉलोनियां वैध हुई है।

मार्गदर्शन मिलते ही त्वरित होगी कार्रवाई

सिंह का कहना है कि अवैध से वैध हुई कॉलोनियों में नक्शा मंजूरी को लेकर लोग बिल्डिंग
परमिशन शाखा में आवेदन कर रहे हैं। कॉलोनी में खाली प्लॉट पर नक्शा पास करने में कोई दिक्कत नहीं है मगर बने हुए मकान का नक्शा पास करने में परेशानी हैं। नियमानुसार 60 प्रतिशत प्लॉट पर निर्माण किया जा सकता है, लेकिन 100 प्रतिशत प्लॉट पर किए गए निर्माण का नक्शा पास नहीं हो सकता ऐसे में कंपाउंडिंग किस प्रकार से की जाए इसको लेकर स्थिति स्पष्ट था नहीं है। बने हुए मकान का नक्शा कैसे मंजूर होगा। इसीको लेकर राज्य शासन से मार्गदर्शन मांगा गया है। जल्द ही इसमें निर्णय होगा। मार्गदर्शन मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर रहवासियों के नक्शे मंजूर करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

Published on:
19 Jun 2023 11:16 am
Also Read
View All

अगली खबर