
Darshana Sharma Indore Mission Shakti SET-2026 इंदौर की दर्शना का ‘मिशन शक्ति सेट-2026’ के नेशनल फाइनल में चयन (source: patrika)
Mission Shakti Set-2026: प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, यह साबित कर दिखाया है इंदौर शहर के गवर्नमेंट एक्सीलेंस बाल विनय मंदिर हायर सेकंडरी स्कूल की छात्रा दर्शना शर्मा ने। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली दर्शना ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि हासिल करते हुए मिशन शक्ति सेट नेशनल फाइनलिस्ट-2026 में जगह बनाई है। अब वह अगस्त 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित आठ दिवसीय वैश्विक कार्यशाला में हिस्सा लेंगी, जहां उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान, उपग्रह तकनीक, नवाचार और नेतृत्व विकास का उन्नत प्रशिक्षण मिलेगा।
दर्शना ने यह मुकाम आसान सफर के बाद नहीं, बल्कि कड़ी प्रतिस्पर्धा को पार करते हुए हासिल किया है। मिशन शक्ति सेट कार्यक्रम में दुनिया के 108 देशों की करीब 12 हजार बालिकाओं ने भाग लिया था। चयन प्रक्रिया कई चरणों में आयोजित की गई, जिसमें लर्निंग मॉड्यूल, मूल्यांकन परीक्षा और इंटरव्यू शामिल थे। दर्शना ने सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश की चुनिंदा प्रतिभाशाली छात्राओं में अपनी जगह बनाई।
नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में चयनित प्रतिभागियों को अगस्त में नई दिल्ली में आयोजित आठ दिवसीय वैश्विक कार्यशाला में शामिल किया जाएगा। कार्यशाला के दौरान उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान, उपग्रह तकनीक, नवाचार, नेतृत्व विकास और वैश्विक सहयोग जैसे विषयों पर विशेषज्ञों से प्रशिक्षण मिलेगा। इसके साथ ही विभिन्न देशों और अलग-अलग पृष्ठभूमि से आए प्रतिभागियों के साथ संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा, जिससे उनका वैश्विक दृष्टिकोण और वैज्ञानिक सोच विकसित होगी।
दर्शना(Darshana Sharma Mission Shakti National Finalis) की सफलता के पीछे लगातार छह महीने की तैयारी भी रही। विजय सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने मिशन शक्ति सेट कार्यक्रम के लिए मध्यप्रदेश के 20 सरकारी स्कूलों की छात्राओं का चयन किया था। इन सभी छात्राओं को पिछले छह महीनों से ऑनलाइन प्रशिक्षण, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से तैयार किया गया। इन्हीं 20 छात्राओं में शामिल दर्शना ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई और अब वह कार्यक्रम के अगले चरण तक पहुंचने में सफल रही हैं।
मिशन शक्ति सेट स्पेस किड्ज इंडिया फाउंडेशन की एक अंतरराष्ट्रीय पहल है। इसका उद्देश्य दुनियाभर की बालिकाओं को अंतरिक्ष शिक्षा, उपग्रह विकास, विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) से जोड़ना है। कार्यक्रम छात्राओं में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने पर केंद्रित है।
-स्पेस किड्ज इंडिया फाउंडेशन की अंतरराष्ट्रीय पहल
-बालिकाओं को अंतरिक्ष शिक्षा और उपग्रह विकास से जोड़ने का अभियान
-विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) के प्रति रुचि बढ़ाना
-वैज्ञानिक सोच, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करना
Published on:
27 Jun 2026 09:35 am
