
धुलेंडी की धूम... सुबह से ही चढ़ा होली का रंग
इंदौर। शहर में आज धुलेंडी धूमधाम से मनाई जा रही है। सुबह से ही गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में होली का माहौल बन गया था। परीक्षा का दौर चलने के बावजूद बच्चे पिचकारी और रंग लेकर धमाल मचाते नजर आए। तिथियों के फेर में कल भी कुछ समाज की गेरें निकलीं तो बड़ी संख्या में आज भी निकलीं। गमी वाले परिवारों में रंग डालकर घर के सूतक को खत्म किया गया।
इस साल होली और धुलेंडी तिथियों के फेर में उलझ गई थी। इंदौर के पंडित व कुछ ज्योतिषाचार्यों ने ६ मार्च को होलिका दहन और ७ मार्च को धुलेंडी घोषित की थी, लेकिन सरकारी कैलेंडर के हिसाब से कल होलिका दहन था तो आज धुलेंडी का पर्व। होलिका दहन तो दोनों दिन किया गया लेकिन धुलेंडी को मान्यता आज ही मिली। वास्तविकता में धुलेंडी पर रंग खेलने का उत्साह बच्चों में होता है तो गमी के परिवारों में भी रंग डालने की प्रथा चली आ रही है। सरकारी छुट्टी होने की वजह से आज ही धुलेंडी धूमधाम से मनाई गई।
आज सुबह से गली-मोहल्लों में धुलेंडी की धूम मचना शुरू हो गई थी। बच्चों में जबर्दस्त उत्साह था, जो पुराने कपड़े पहनकर तैयार थे। माता-पिता ने भी रोका-टोकी नहीं की, जबकि कई कक्षाओं की परीक्षाएं भी चल रही हैं। उन्हें मालूम है कि पढ़ाई को लेकर बच्चे पहले ही तनाव में हैं और होली की छूट देकर उन्हें रिलेक्स किया जा सकता है। कई परिवारों में तो बच्चों के साथ बड़ों में भी होली का रंग चढऩे लग गया। रिश्तेदारों व आस पड़ोस के लोगों के आने-जाने का सिलसिला भी चलता रहा। इस बार की होली में गुलाल व सूखे रंगों का प्रयोग ज्यादा हुआ। पक्के रंगों को आम जनता ने दरकिनार करके हर्बल रंगों का ज्यादा उपयोग किया गया। हालांकि बच्चे गुब्बारे और पिचकारियां चलाने में पीछे नहीं रहे।
समाजों की गेरें निकलीं, रंग डालने पहुंचे
मान्यताओं के हिसाब से सालभर में जिस परिवार में गमी हुई है, उनके यहां पर समाज व मिलने वाले रंग डालने जाते हैं जिससे उस परिवार का सूतक खत्म होता है। शादी-विवाह से लेकर अन्य शुभ काम कर सकते हैं। गमी के परिवारों को सूतक से मुक्त कराने के लिए आज बड़ी संख्या में समाजों की टोली गमी वाले परिवारों में पहुंची। हालांकि दो तिथियां होने की वजह से कल भी कई समाजों की गेरें निकलीं, लेकिन आज भी गेरों की संख्या कम नहीं थी। सुबह से टोलियों के रूप में गेरें निकल रही थीं।
Published on:
08 Mar 2023 10:02 am
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
