
VIRAL VIDEO : सांवरिया सेठ को सवा करोड़ के दान का सच, महिला बोलीं- लोन पर मेरी दुकान, देखे भी नहीं इतने रुपए
लखन शर्मा @ इंदौर. सांवरिया सेठ के मंदिर में सवा करोड़ रुपए दान देने वाली महिला इन दिनों वीडियो वायरल होने के चलते दुनियाभर में चर्चा में है। ये कौन है और कहां की रहने वाली है, क्यों उसने इतनी भारी-भरकम राशि दान की, इस बारे में कोई नहीं जानता। न्यूज टुडे ने इस मामले की पड़ताल की और महिला को ढूंढ़ निकाला। जो सच्चाई सामने आई, उसे जान आप हैरान रह जाएंगे।
सोशल मीडिया पर चल रहे एक वीडियो ने इन दिनों इंदौर के चौहान परिवार को मुसीबत में डाल दिया है। दरअसल पिछले दिनों कुछ न्यूज चैनलों, प्रिंट मीडिया व सोशल मीडिया पर खबर आई कि चित्तौडग़ढ़ में मंडफिया ग्राम स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में एक महिला ने सवा करोड़ रुपए दान में दिए। महिला का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।
छोटे से थैले में कैसे आएंगे इतने रुपए?
अंजू ने बताया कि ढाई साल से हम सांवरिया सेठ के दरबार में नहीं जा पाए थे, जिसके चलते इस माह 9 सितंबर को बेटे कुलराज चौहान के साथ मंदिर गईं थीं। ढाई साल की जो राशि इकट्ठा हुई थी, उसे अलग-अलग लिफाफों में भरकर वहां दानपात्र में डाल दी। वहां किसी ने वीडियो बनाकर डाल दिया कि मैंंने सवा करोड़ रुपए दान किए। अब भला 10, 20 व 50 के नोटों में सवा करोड़ रुपए एक छोटे से थैले में कैसे आएंगे?
कितनी होगी धनराशि... यूं समझें
अंजू के अनुसार वे ढाई वर्ष से मंदिर नहीं गईं थीं यानी कुल दिन 912 होते हैं। वो रोज गुल्लक से 10, 20 या 50 का नोट दान के लिए अलग निकालती थीं। हम 10, 20 को छोड़ें और 50 रुपए रोज भी दान राशि को जोड़ें तो 912 दिनों के 45,600 रुपए होते हैं। ऐसे में हम मान सकते हैं कि उन्होंने दानपेटी में सवा करोड़ रुपए नहीं डाले होंगे।
जिंदगी में नहीं देखे इतने रुपए
कुलराज ने बताया कि मेरे बड़े भाई लेखराज व हेमराज दुकान संभालते हैं। सवा करोड़ की राशि हमने जिंदगी में नहीं देखी। हम तो चाहते हैं कि हर व्यक्ति भगवान को राशि दान करे। हमने कर दी तो गुनाह नहीं किया। सांवरिया सेठ के कई भक्तों ने सोशल मीडिया पर फेसबुक और वाट्सअप पर ग्रुप बना रखे हैं, जहां इस वीडियो को चला दिया गया। इसके बाद अचानक रिश्तेदारों के फोन आने लगे, तब हमें इस बारे में मालूम हुआ।
मेरी आस्था को पहुंचाई ठेस
अंजू ने बताया कि सवा करोड़ दान की बात बिल्कुल झूठी है, जिससे घर में मानसिक तनाव बढ़ रहा है। पूरा परिवार परेशान है। लोगों को इस तरह किसी की आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। इस तरह के गलत वीडियो चलाने से कोई भी परिवार गलत कदम उठा सकता है, उसके साथ अनहोनी हो सकती है। मेरे बेटे अकेले घूमते हैं। कोई उनके साथ हरकत कर सकता है।
Published on:
14 Sept 2019 12:58 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
