
अपने बच्चों के प्रति हाथियों की चिंता, मादा को रिझाते बारहसिंगा की खूबसूरत तस्वीरें
इंदौर. देश के विभिन्न हिस्सों के नेचर और वाइल्ड लाइफ से रू-ब-रू होने का मौका विश्व विख्यात फोटोग्राफर राजेश बेदी की फोटोग्राफी एग्जीबिशन में देखने को मिल रहा है। यह एग्जीबिशन इस मायने में भी खास है क्योंकि बेदी द्वारा खींचे गए फोटोग्राफ्स को देखकर युवा फोटोग्राफर्स और नेचर एंड वाइल्ड लाइफ प्रेमियों के लिए यहां सीखने और जानने के लिए काफी कुछ है। राजेश बेदी केवल वन्य जीवों को ही कैमरे में कैद नहीं करते बल्कि वे प्रकृति के हर तत्व को पकड़ते हैं, एेसा ही एक फोटो जो हिमाचल की स्पीति घाटी में खींचा गया है जिसमें रात में आसमान में चमकती आकाश गंगा नजर आती है। असम के जंगलों का एक सींग वाला गैंडा भी है जिसकी तस्वीर हॉट एयर बलून से ली गई है।
वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी की दुनिया में राजेश बेदी का नाम विश्वस्तर पर जाना जाता है। उनके द्वारा खींचे गए फोटोग्राफ्स की प्रदर्शनी प्रीतमलाल दुआ आर्ट गैलरी में लगी है। द नेचर वालंटियर्स द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में राजेश बेदी के देश के अलग-अलग हिस्सों में खींचे गए फोटो शामिल हैं। इन तस्वीरों में जहां आला दर्जे की तकनीकी कुशलता है वहीं वन्य जीवन के प्रति संवेदनशीलता भी नजर आती है। कई तस्वीरों में वन्य जीवों की जिंदगी के विशेष पलों का नजारा देखने को मिलता है। प्रदर्शनी की शुरुआत जिम कार्बेट नेशनल पार्क में हाथियों के झुंड की कुछ ब्लैक एंड वाइट तस्वीरों से होती है। यह तस्वीरें हमें हाथियों की अपने बच्चों की सुरक्षा के प्रति चिंता दिखाती हैं। एक तस्वीर में झुंड में नन्हे बच्चे की सुरक्षा उसकी मां ही नहीं बल्कि झुंड की अन्य हथिनियां भी कर रही हैं। एक और तस्वीर में भोर की नर्म धूप में टहल रहे हाथी की है जिसमें लाइट एंड शेड का इस्तेमाल कमाल का है। हाथियों के झुंड का कोहरे से भरी सुबह में विचरण का फोटो तो किसी पेंटिंग की तरह नजर आता है। कान्हा की एक तस्वीर में नर बारहसिंगा का अपने सींगों में घास लपेटकर मादा को रिझाने का दृश्य भी खूबसूरत है जिसमें बेदी दोनों के चेहरों के एक्सप्रेशंस भी पकड़ते हैं। कान्हा का ही एक और दृश्य है जिसमें हिरन तालाब में माइग्रेटरी बड्र्स के साथ कुछ जलीय वनस्पति की तलाश में है।
पक्षियों की रंगबिरंगी दुनिया
भरतपुर पक्षी विहार में ग्रेट वाइट पेलिकन के झुंड का फोटो भी आकर्षक है जिसमें उनकी पीली चोंच और उसके नीचे लटकता पीला पाउच उनके प्रति जिज्ञासा जगाता है। वाइट पेंटेड स्टॉर्क के एक जोड़े का रोमेंटिक मूड भी बेदी के कैमरे में कैद है। इस तस्वीर में इन पक्षियों के मूड के साथ साथ उनकी गर्दन और सर का गुलाबी- नारंगी रंग इस तस्वीर को आकर्षक बनाता है। हिमालयन मोनाल के सतरंगी पंखों के साथ ही पांच फीट के सारस का उड़ान भरता हुआ फोटो भी ध्यान खींचता है। यहां पर गिर के बब्बर शेरों की फाइट, पानी में तैरती बाघिन और हिमालयन लोमड़ी के फोटो भी सुंदर हैं। पेड़ पर चढ़ते हिमालयन बीअर और आईबेक्स की तस्वीरें भी हैं।
Updated on:
12 Feb 2020 06:24 pm
Published on:
12 Feb 2020 06:23 pm
