
G-20 Summit: इंदौरी यादों को लेकर विदेशी मेहमान हुए रवाना
इंदौर. जी-20 के रोजगार समूह की बैठक खत्म होने के बाद शनिवार सुबह हेरिटेज वॉक का आयोजन हुआ। विदेशी मेहमान बोलियां सरकार की छत्री से राजबाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने इंदौरी नाश्ते का लुत्फ उठाया। शाम को 150 से अधिक मेहमान इंदौर की यादों के साथ रवाना हुए। इंदौर में हुई जी-20 बैठक में दुनिया के 29 देशों से 26 विदेश मंत्री सहित 176 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिकृत तौर पर बैठक तो शुक्रवार को खत्म हो गई थी, लेकिन शनिवार सुबह 6.30 बजे से विदेशी मेहमानों की हेरिटेज वॉक थी। वॉक श्रीमंत सरदार चिमनजी राव बोलियां सरकार की छत्री से शुरू होकर कृष्णपुरा, गोपाल मंदिर होते हुए राजबाड़ा पहुंची, जहां इंदौर के वैभवशाली इतिहास से उन्हें रूबरू कराया गया। शहर के इतिहासकार जफर अंसारी ने होलकर कालीन सैकड़ों वस्तुओं के बार में उन्हें बताया। ये भी बताया कि शहर की उन्नति में रोजगार और श्रमिकों के महत्व के साथ मिलों में श्रमिकों का योगदान व रोजगार में महाराजा होलकर के योगदान की जानकारी दी।
मेहमानों ने जुटाई जानकारी, फोटो भी खींचवाए
इस दौरान जापान, फ्रांस, अर्जेंटीना व मिस्र के प्रतिनिधियों ने सवाल कर जानकारी भी जुटाई और फोटो भी खींचवाए। उस दौरान भारत सरकार के श्रम और रोजगार मंत्रालय की सचिव आरती आहूजा भी मौजूद रहीं। राजबाड़ा पर अर्जेंटीना की मंत्री ने कुछ प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मानित भी किया। आहूजा ने सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी को बधाई दी। इस मौके पर निगमायुक्त हर्षिका सिंह भी मौजूद थीं। कार्यक्रम के दौरान मेहमानों ने पौधरोपण भी किया।
लौटने का सिलसिला जारी
जी-20 समिट में आए मेहमानों के लौटने का सिलसिला शुक्रवार से शुरू हो गया था। 60 प्रतिनिधि रात तक दिल्ली व मुंबई के लिए रवाना हो गए थे। शनिवार शाम 4 बजे एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या मेहमान पहुंचे। उनके सम्मान में कोई कमी न रहे, इसको लेकर एडीएम अजय देव शर्मा और एसडीओ विजय मंडलोई पूरे समय वहां मौजूद थे। रात 9 बजे की फ्लाइट से भी कई मेहमान रवाना हुए। कुछ मेहमान रविवार को रवाना होंगे।
Published on:
23 Jul 2023 07:52 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
