इंदौर

क्रिकेटर के साथ सस्ते फोन के चक्कर में करीब 70 हजार की ठगी, कोर्ट की ली शरण

अब हुई एफआइआर, आरोप : पुलिस बोली, गाड़ी की व्यवस्था करो तब आरोपी को पकड़ने जाएंगे कटनी......

2 min read
Jan 31, 2023
Fraud

इंदौर। ए ग्रेड के युवा क्रिकेटर के साथ सस्ते फोन के चक्कर में करीब 70 हजार की ठगी हो गई। पुलिस के पास पहुंचे तो आवेदन लिया। सात महीने चक्कर लगाए, लेकिन केस दर्ज नहीं किया। हाई कोर्ट में याचिका दायर की तो केस दर्ज किया गया। आरोप है कि पुलिस ने आरोपी पकड़ने के लिए कटनी जाने गाड़ी की व्यवस्था करने के लिए भी फरियादी को ही कह दिया।

तुकोगंज पुलिस ने शून्य पर सार्थक ओझा (19) निवासी स्नेहलतागंज के साथ धोखाधड़ी होने का केस दर्ज कर एमजी रोड थाने भेज दिया। सार्थक के पिता वरिष्ठ अभिभाषक हैं। फरियादी पक्ष ने बताया कि इंस्टाग्राम के जरिए सस्ते मोबाइल फोन की जानकारी मिली। सार्थक ने दिए गए नंबर पर बात की तो ऋषभ नामक युवक ने बात की। सार्थक ने महंगे ब्रांड के दो फोन व एक स्मार्ट वॉच का आर्डर किया।

संबंधित ने कहा कि कुल कीमत करीब 2 लाख 24 हजार रुपए हो रही है, सार्थक को डिस्काउंट के साथ 1 लाख 13 हजार रुपए देना होंगे। सार्थक ने 30 हजार रुपए ऑनलाइन जमा कर दिए। फोन की बात हुई तो बाद में और राशि जमा करने के लिए कहा गया। जीएसटी आदि के नाम पर झांसा देकर धीरे-धीरे कर करीब 70 हजार रुपए जमा करवा लिए। पैसा कटनी के बैंक खाते में गया। बाद में न पैसा वापस किया न फोन दिया। बात भी नहीं कर रहे थे।

यहां से वहां घुमाती रही पुलिस

फरियादी ने पुराने कंट्रोल रूम में संचालित साइबर सेल में शिकायत की। वहां से तुकोगंज थाने भेजा गया। आरोप है कि पुलिस ने आवेदन और बयान लिए, लेकिन केस दर्ज नहीं किया। साइबर सेल के पास जाकर केस दर्ज कराने का कहकर हाथ खड़े कर दिए। डीसीपी व अन्य अफसरों को शिकायत हुई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। फरियादी ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की। कोर्ट ने रिपोर्ट मांगी तो तुकोगंज पुलिस ने केस दर्ज कर लिया, लेकिन फाइल एमजी रोड पुलिस को भेज दी। फरियादी पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने कहा कि आरोपी कटनी के हैं। गाड़ी की व्यवस्था कर दो तो उसे पकड़ने टीम जाएगी।

केस-1

एक महीने बाद दर्ज चोरी का केस

ऑनलाइन ठगी के मामलों में पुलिस दो साल बाद केस दर्ज करती है, लेकिन अन्य मामलों में भी लेटलतीफी की जाती है। भंवरकुआं पुलिस ने जितेंद्र मंडलोई की शिकायत पर बाइक चोरी का केस दर्ज किया है। 23 दिसंबर को फरियादी की बाइक पालदा रोड से चोरी हुई थी, 29 जनवरी को केस दर्ज किया है।

केस- 2

लूट में 16 दिन बाद एफआइआर

सदर बाजार पुलिस ने अमित सैनी की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मोबाइल लूट का केस दर्ज किया। अमित 13 जनवरी की रात को मल्हराश्रम रोड पर रात करीब 10 बजे घूम रहे थे। बाइक से आए बदमाश मोबाइल लूट ले गए। थाने पहुंचे तो पुलिस ने जल्द मोबाइल ढूंढ़कर लाने का आश्वासन देकर केस दर्ज नहीं किया। मोबाइल नहीं मिला तो फरियादी ने थाने के चक्कर काटे तब कहीं जाकर रविवार को केस दर्ज किया।

Published on:
31 Jan 2023 04:53 pm
Also Read
View All

अगली खबर