
Non-standard food items sales in jabalpur
इंदौर. खाद्य विभाग के नाम पर त्यौहारी सीजन में मिठाई बनाने वाले व्यापारियों से अवैध वसूली में जुटे तीन बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। बदमाश अन्य साथियों के साथ एक केटरिंग व्यापारी से ५० हजार रुपए की मांग कर रहे थे। केटरिंग व्यापारी भंवर महाराज किमती गार्डन, धार रोड पर आर्डर पर मिठाई बनाने का काम कर रहे हैं।
गुरुवार दोपहर चार-पांच लोग खुद को अभा उपभोक्ता उत्थान संगठन से बताकर वहां पहुंचे। विजयसिंह चौहान ने खुद को संगठन का जिला अध्यक्ष बताया और खाद्य विभाग द्वारा नमूने लेने के लिए अधिकृत होने की बात कही। सेंपल लेने के साथ खामियां गिनाकर संगठन के लेटर पेड पर पंचनामा भी तैयार कर दिया। जिसपर संगठन का कार्यालय कटनी और प्रदेश अध्यक्ष संदीप सूरी लिखा था। फर्जी टीम ने व्यापारी से समझौता करने के एवज में ५० हजार रुपए की मांग की। व्यापारी ने शंका होने पर परिचित को फोन किया और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी को कॉल किया। स्वामी छापे की बात सुनकर हैरान रह गए क्योकि वह खुद एक टीम के साथ थे और अन्य टीमें देपलपुर तहसील में कार्रवाई के लिए गई थी। तहसीलदार रेखा सचदेव व टीम के साथ स्वामी वहां के लिए रवाना हुए, साथ ही व्यापारी को वहां आए लोगों को चाय-नाश्ते में उलझाकर रखने की बात कही। टीम पहुंची तो दो-तीन लोग वहां से गायब हो गए। चार लोगों को चंदन नगर थाने ले जाया गया। जहां व्यापारी ने विजयसिंह चौहान, अविनाश बनसोड़े और विनय सैनी के खिलाफ केस दर्ज कराया। प्रवीण अग्रवाल नामक व्यक्ति भी मौके पर पकड़ा गया था। हालांकि, व्यापारी ने प्रवीण के खिलाफ शिकायत से इंकार कर दिया।
कड़ी-फाफड़ा व्यापारी से भी वसूली
चिकमंगलूर चौराहे पर कड़ी-फाफड़े की बालाजी चाट कार्नर के नाम से दुकान चलाने वाले रामचंद्र कुमावत ने भी एक्टीवा से आए तीन लोगों के खिलाफ खाद्य विभाग की कार्रवाई कराने के नाम पर पांच हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया। उसका कहना था, तीन लोग खुद को पत्रकार बताकर पहुंचे और कड़ी-फाफड़े खाने के बाद दस्त लगने की बात कही। शिकायत नहीं करने के एवज में रुपए मांगे। व्यापारी का कहना है, दुकान में कैमरे लगे हैं, तीनों ने अंदर आकर कुछ नहीं खाया। सूचना मिलने पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी स्वामी मौके पर पहुंचे, लेकिन व्यापारी ने पुलिस को शिकायत से इंकार कर दिया।
Published on:
25 Oct 2019 08:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
