
खुश खबरी : बच्चों के दिल में अगर छेद है तो यहां होगा फ्री इलाज, बनेगा 100 करोड़ का हॉस्पिटल
इंदौर. शहर को स्वास्थ्य सुविधा की सौगात देते हुए श्री सत्य साईं ट्रस्ट ने बड़ी पहल की है। ट्रस्ट इंदौर में 100 करोड़ की लागत से 150 बेड का अत्याधुनिक हॉस्पिटल बनाएगा। यहां इलाज नि:शुल्क होगा, न कोई बिल काउंटर होगा और न डोनेशन बॉक्स। इस पहल को हाथोंहाथ लेते हुए सरकार ने एयरपोर्ट के समीप 10 एकड़ जमीन को हरी झंडी दे दी है। निर्माण कार्य जल्द शुरू होने के संकेत हैं। यह घोषणा रविवार को श्री सत्य साईं स्कूल ट्रस्ट के वार्षिक उत्सव में ट्रस्ट के डॉ. रमेश बाहेती ने की।
बाहेती ने बताया कि दिल में छेद की बीमारी का इलाज महंगा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बच्चे इस गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं। ऑपरेशन से बीमारी ठीक हो जाती है और बच्चों को नया जीवन मिलता है। ट्रस्ट के हॉस्पिटल में गरीब व कमजोर आय वर्ग के बच्चों के हृदय में छेद व अन्य कार्डियक बीमारियों का नि:शुल्क ऑपरेशन व इलाज होगा। सर्जरी, दवाई, भोजन और अटेंडेंट के रहने-खाने का खर्च भी ट्रस्ट वहन करेगा।
ट्रस्ट हार्ट संबंधी बीमारियों को लेकर अलग-अलग विशेषज्ञता के साथ काम करता है। पुट्टपर्ती, रायपुर, बेंगलूरु में ट्रस्ट के हॉस्पिटल कार्य कर रहे हैं।
ये गणमान्य होंगे ट्रस्टी
हॉस्पिटल ट्रस्ट में जस्टिस आरसी लाहोटी, एक्स लेफ्टिनेंट गवर्नर दिल्ली नजीब जंग, जस्टिस वीएस कोगजे, विवेक तन्खा व अन्य इस ट्रस्ट में शामिल होंगे। जल्द ही प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया जाएगा। पहले चरण में बच्चों के इलाज का कार्य शुरू होगा।
बाल हृदय योजना में सरकार के भरोसे बच्चे
इस बीमारी से ग्रामीण क्षेत्र के कई बच्चे इलाज के अभाव में दम तोड़ देते हैं। सरकार ने बाल हृदय योजना शुरू की है। इसकी औपचारिकताओं में समय लगने से अनेक मर्तबा मुश्किल होती है।
Published on:
03 Dec 2018 09:10 am
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
