23 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

InterStateBusTerminal : एयरपोर्ट जैसा प्रदेश का पहला एयर कूल्ड बस स्टैंड

ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर बन रहा आइएसबीटी

2 min read
Google source verification
InterStateBusTerminal : एयरपोर्ट जैसा प्रदेश का पहला एयर कूल्ड बस स्टैंड

InterStateBusTerminal : एयरपोर्ट जैसा प्रदेश का पहला एयर कूल्ड बस स्टैंड

प्रमोद मिश्रा

इंदौर. एमआर-10 पर कुम्हेड़ी कांकड़ में बन रहा इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आइएसबीटी) पूरा होने वाला है। बस स्टैंड की बिल्डिंग में नवाचार करते हुए पहली बार ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर काम हुआ है। एयरपोर्ट की तर्ज पर प्रदेश का यह पहला बस स्टैंड पूरी तरह एयर कूल्ड होगा। करीब 5 करोड़ रुपए खर्च कर भवन को एयर कूल्ड बनाया जा रहा है। छत पर करीब 10 करोड़ से सोलर पेनल लगाए जाएंगे ताकि बिल्डिंग सौर ऊर्जा से रोशन रहे। दिन में सूर्य होने से बिजली की रोशनी की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट को ध्यान में रखते हुए 10 प्रतिशत हिस्से में हरियाली के साथ वाटर हार्वेस्टिंग, वाटर रिसाइकिल के सभी प्रावधान किए हैं।

करीब तीन साल पहले 5.4 हेक्टेयर जमीन पर शुरू हुए आइएसबीटी के निर्माण का बजट करीब 60 करोड़ रखा गया था, लेकिन बाद में बढ़ाकर 80 करोड़ कर दिया। एयर कूल्ड व सोलर पेनल के काम के कारण अब बजट करीब 100 करोड़ के पार जा रहा है। देश के कुछ बड़े शहरों के बस स्टैंड में ही यह सुविधा है। बस टर्मिनल को एयरपोर्ट की तरह बनाने के कारण समय लग रहा है। अगले छह महीने या उससे कम समय में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

लोकल ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर ध्यान ताकि आसानी से घर तक पहुंच सके यात्री

आइडीए के अफसरों के मुताबिक, आइएसबीटी से प्रदेश के प्रमुख शहरों के साथ ही राजस्थान, महाराष्ट्र, आंधप्रदेश, गुजरात के लिए भी बसें उपलब्ध रहेंगी। लोकल ट्रांसपोर्ट सिस्टम को भी जोड़ा जा रहा है। चूंकि पास में ही मेट्रो ट्रेक है, इसलिए मेट्रो स्टेशन से जोड़ने के लिए आइएसबीटी से पैदल पुल बनाने का प्रावधान भी योजना में जोड़ा है। साथ ही सिटी बस, ऑटो रिक्शा, कैब, ई रिक्शा के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था रहेगी ताकि यात्रियों को घर पहुंचने में आसानी रहे। साथ ही कार व दोपहिया वाहनों की पार्किंग की भी व्यवस्था है। सरवटे बस स्टैंड से जोड़ने के लिए एमआर4 का विस्तार करने आइडीए नगर निगम को राशि भी दे रहा है।

जरूरत का हर सामान मिलेगा, पुलिस चौकी व मेडिकल व्यवस्था भी

आइडीए द्वारा तैयार किए जा रहे आइएसबीटी में यात्रियों को सभी सुविधाएं मिलेंगी। 38 दुकानों में जरूरत का सारा सामान उपलब्ध रहेगा। आगे गेट के पास पुलिस चौकी बनाई जा रही है जहां हमेशा बल मौजूद रहेगा। मेडिकल कक्ष में डॉक्टर व नर्सिंग स्टॉफ 24 घंटे तैनात करने का लक्ष्य है। एटीएम, ई-व्हीकल चार्जिंग की भी व्यवस्था रहेगी।

आइएसबीटी: एक नजर

- कुल 1440 बसों का संचालन होगा। प्रतिदिन 80 हजार यात्रियों के आवागमन की संभावना।

- स्टैंड पर डिपार्चर के लिए 28 व आगमन के लिए 13 लेन उपलब्ध।

- आगमन- निर्गम के लिए अलग अलग गेट।

- बैसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था। 600 दोपहिया, 150 ऑटो रिक्शा, 160 टैक्सी-कार।

- पूरे भवन में फायर फाइटर उपकरण की व्यवस्था।

तेजी से चल रहा है काम

आइएसबीटी के लिए तेजी से काम चल रहा है, प्रयास है कि साल के अंत तक शहर को सौगात मिल सके। यह प्रदेश का पहला एयर कूल्ड बस स्टैंड होगा। सरवटे बस स्टैंड से जोड़ने एमआर 4 सड़क के विस्तार के लिए नगर निगम को आइडीए राशि दे रहा है, यह काम भी जल्द पूरा होगा।

जयपालसिंह चावड़ा, अध्यक्ष आइडीए