
Indore News : बोले कमल नाथ...कांग्रेस का नहीं, सच्चाई का साथ देना
इंदौर. मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ कल इंदौर आए। उन्होंने भाजपा के गढ़ दो नंबर विधानसभा में रखे गए एक कार्यक्रम में शिरकत करने के साथ जनता से अपील की कि विधानसभा चुनाव में कमल नाथ और कांग्रेस का नहीं, सच्चाई का साथ देना। कार्यक्रम में भीड़ जुटाकर नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने शक्ति प्रदर्शन किया।
प्रदेशाध्यक्ष नाथ कल दोपहर 2 बजे के आसपास इंदौर आए और सीधे होटल मेरियट पहुंचे। यहां पर उन्होंने आराम किया और फिर शाम 5 बजे कई सामाजिक सगंठनों, कांग्रेस नेता और विधानसभा चुनाव के दावेदारों से मुलाकात की। इसके बाद शाम 7.13 बजे भाजपा के गढ़ दो नंबर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे द्वारा अपने माता-पिता की पुण्यतिथि के उपलक्क्ष्य में रखे गए खाटू श्याम के भजन और भंडारे में नाथ पहुंचे। वे सीधे मंच पर चढ़ गए। यह देख संचालन कर रहे प्रदेश सचिव राजेश चौकसे ने आग्रह किया कि पहले खाटू श्याम की पूजन कर लें।
इसके बाद उन्होंने खाटू श्याम के दर्शन कर पूजन किया। महिलाओं से नाथ मिले और नारी सम्मान योजना के बारे में बात की। इस बीच संभागीय प्रवक्ता रीना बोरासी अपने साथ भीड़ लेकर आई और फिर नाथ के साथ धक्का-मुक्की हुई। जैसे-तैसे करके नाथ मंच पर चढ़े। उनके साथ-साथ कई नेता भी मंच पर चढ़ गए और कुर्सी पकड़ कर बैठ गए। इस कारण महिला कांग्रेस अध्यक्ष साक्षी शुक्ला और पार्षद शिवम यादव को खड़ा रहना पड़ा। इसके साथ ही मंच पर जगह न मिलने पर अरविंद बागड़ी नीचे उतर आए।
ज्ञान नहीं दूंगा...सभी समझदार हो
प्रदेशाध्यक्ष नाथ ने लोगों की भीड़ देखकर कहा कि आपकी उपस्थिति ने मुझे बल दिया है। मैं आपको ज्ञान नहीं दूगा, क्योंकि आप समझदार हो। मैंने यहां आने से पहले सोचा कि जनता क्या चाहती है। इंदौर की जनता शांति चाहती है। आज की युवा पीढ़ी सामाजिक मूल्यों से फिसल रही है। हमें शांति चाहिए, क्योंकि हम संस्कृति के रक्षक हैं। उन्होंने कहा कि अगले पांच महीने में विधानसभा चुनाव तय करेगा कि प्रदेश का क्या भविष्य रहेगा। इंदौर की जनता पर उम्मीद व विश्वास है, क्योंकि यहां का संदेश पूरे प्रदेश में जाएगा। गुमराह करने वालों से बचना होगा। कमल नाथ और कांग्रेस का साथ मत देना। सच्चाई का साथ देना। नाथ कार्यक्रम में 12 मिनट रूके। उनके साथ प्रदेश के सह प्रभारी कुलदीप इंदौरा, जिले के प्रभारी महेंद्र जोशी, विधायक जीतू पटवारी, विशाल पटेल, संजय शुक्ला, विनय बाकलीवाल, सदाशिव यादव, गोलू अग्निहोत्री और अमित चौरसिया आदि मौजूद थे।
चिंटू को इशारा, जल्दी करो
मंच परनाथ को बजरंगबली की प्रतिमा दी गई। साथ ही जय श्रीराम के नारे लगे। स्वागत भाषण चिंटू दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मुझ छोटे कार्यकर्ता को नेता कमल नाथ ने बनाया है। दो नंबर में अब कांग्रेस का तिरंगा लहराएगा। चिंटू के बोलने पर नाथ ने इशारा किया कि जल्दी करों, क्योंकि उनकी फ्लाइट का समय हो रहा था।
Published on:
19 May 2023 11:03 am
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
