8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दावा: महिला ने दान कर दिए सवा करोड़ कैश, पत्रिका को बताई उन रुपयों की सच्चाई

महिला का परिवार का चलाता है चाय-नाश्ते की दुकान, फिर इतने पैसे कैसे

3 min read
Google source verification
06_1.png

इंदौर/ राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले स्थित सांवरिया सेठ मंदिर की दान पेटी में कुछ लिफाफे डालते वक्त एक महिला का वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में जो महिला दानपेटी में लिफाफे को डाल रही थी, उसके बारे में सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि उसने सवा करोड़ रुपये कैश दान की है। पचास लिफाफों में भरकर वह कैश लाई थी।

वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही थी। वीडियो को महिला के परिवारवालों और उसके पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने भी देखी। सभी लोग उसे ताने भी मार रहे थे तो साथ ही सवाल भी उठा रहे थे कि मंदिर में जो सवा करोड़ दान कर आई, वो हमें दे देती। इनसे महिला तंग आ चुकी है। मीडिया जब खबरें चल रही थी, तब तक सिर्फ कयास ही लगाए जा रहे थे। महिला की कोई जानकारी सामने नहीं आई थी।


पत्रिका से बयां की दर्द
अब महिला ने उस वीडियो का पूरा सच बताया है। जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि सवा करोड़ रुपये की दान दी। महिला मध्यप्रदेश के इंदौर की रहने वाली है। महिला का नाम अंजू चौहान है। वह इंदौर के छत्रीबाग में रहती है। अंजू ने पत्रिका से बात करते हुए कहा कि सवा करोड़ रुपए दान का वीडियो फैलने के बाद से हम लोग परेशान हैं। जहां भी आते-जाते हैं, लोग कहते हैं ये वहीं हैं सवा करोड़ दान देने वाले। कोई कहता है कि मंदिर में इतनी राशि डाल दी, हमें ही दे देते। कोई कहता है कि तुम्हारे यहां इनकम टैक्स का छापा पड़ जाएगा।

चाय और पोहा की है दुकान
हालांकि सोशल मीडिया पर जो सवा करोड़ रुपये दान करने की खबर चल रही है। उसमें जो महिला दिख रही है कि उसका कारोबार जानेंगे तो और दंग रह जाएंगे। साथ ही यकीन भी हो जाएगा कि सोशल मीडिया पर चल रही खबर झूठी है। वायरल वीडियो में दिख रही महिला अंजू चौहान का परिवार अन्नपूर्णा इलाके में चाय-नाश्ते की छोटी सी दुकान चलाता है। अंजू के बेटे कुलराज चौहान ने पत्रिका से बात करते हुए कहा कि लोन लेकर हमने चाय-नाश्ते की दुकान डाली है। लोग कहते हैं कि लोन चुकाने की बजाए सवा करोड़ भगवान को दे आए।

सांवरिया सेठ की शरण में
अंजू ने बताया कि इतवारिया बाजार में हमारी सब्जी की दुकान थी, जो 11 साल पहले सडक़ चौड़ीकरण में चली गई। धंधा नहीं था। किसी ने बताया कि भगवान सांवरिया सेठ की शरण में जाओ, सब अच्छा होगा। किसी ने सांवरिया सेठ के नाम से दुकान शुरू करने का कहा। हमने वहां जाना शुरू किया और 11 साल पहले अन्नपूर्णा इलाके में श्री सांवरिया सेठ नाम से चाय-नाश्ते की दुकान शुरू की। उस वक्त से ही, जो कमाई दिनभर होती, उसमें हर दिन 10, 20 या अधिक से अधिक 50 रुपए हम अलग निकालते आ रहे हैं। घर में कितनी भी परेशानी आ जाए, इस राशि का इस्तेमाल नहीं करते। ये राशि हम सांवरिया सेठ को दान कर आते।

सोशल मीडिया पर चल रही इस झूठ के बारे में अब खुलासा हो गया है। ऐसे में वायरल वीडियो में तो सही है कि महिला ने वहां दान की है। वो रुपये बहुत होंगे तो हजारों में होंगे। लेकिन सवा करोड़ वाली बात बिल्कुल ही झूठ है।