
इंदौर. शहर के जानकी नगर स्थित जैन परिवार की बेटी कृति कोठारी त्याग, संयम एवं वैराग्य की राह पर चलने के लिए तत्पर हो चुकी हैं। वे 21 फरवरी को महावीर बाग में आयोजित एक दिव्य समारोह में जैन धर्म की दीक्षा ग्रहण करेंगी। आचार्य मणिप्रभसागर महाराज उन्हें दीक्षा प्रदान करेंगे। दीक्षा महोत्सव देशभर के समाज बंधु एवं अनेक साधु, साध्वी, भगवंत शामिल होंगे। बुधवार को जानकी नगर स्थित उपाश्रय में कृति के दीक्षा महोत्सव की कुमकुम पत्रिका लिखने का शुभारंभ साध्वी विरलप्रभा व विपुलप्रभा के सानिध्य में हुआ। स्वयं दीक्षार्थी बहन ने भी भगवान के नाम की पत्रिका कुमकुम से लिखी। जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ जानकी नगर के दिलसुखराज कटारिया, दिनेश डोसी व प्रेमचंद कटारिया ने बताया कि इस अवसर पर जानकी नगर सकल संघ व कृति के परिजनों सहित 21 वरिष्ठ श्रावकों ने भगवान के नाम की पत्रिका लिखकर उन्हें अर्पण किया। खुद का व्यवसाय करने वाली एमबीए शिक्षा प्राप्त 27 वर्षीय कृति कोठारी को आचार्य मणिप्रभसागर महाराज 21 फरवरी को महावीर बाग में आयोजित समारोह में जैन धर्म की दीक्षा प्रदान करेंगे। महाराज ने गत 24 अक्टूबर को जैन तीर्थ पालीताणा में कृति कोठारी को १५० से अधिक साधु-साध्वी, भगवंतों की मौजूदगी में त्याग और संयम की राह पर चलने की अनुमति प्रदान की थी। लेकिन दीक्षा की तिथि तय नहीं हो सकी थी। अब 21 फरवरी को वे आदिठाणा सहित इस महोत्सव को अपनी पावन निश्रा प्रदान करने के लिए इंदौर आएंगे। कृति ने अपनी मां पुष्पा कोठारी व बहन के लिए जीवन निर्वाह की समुचित व्यवस्थाएं करने के बाद यह संकल्प लिया है। बहन की शादी हो चुकी है, जबकि पिता महेन्द्र कोठारी अब इस दुनिया में नहीं है।
कार में सवार होकर पहुंची उपाश्रय
महोत्सव समिति के प्रचार प्रमुख नवीन ललवानी जैन ने बताया कि इसके पूर्व सुबह कृति के निवास से सामैया भी निकाला गया, जिसमें दीक्षार्थी कार में सवार होकर जानकी नगर उपाश्रय पहुंची। अब दीक्षा महोत्सव के तहत जानकी नगर मूर्तिपूजक संघ उपाश्रय पर १४ से १९ फरवरी तक नियमित रूप से विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। वहीं 20 व 21 फरवरी को अन्य आयोजन महावीर बाग पर होंगे।
Published on:
09 Feb 2022 11:21 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
